रियल्टी और ऑटो सेक्टर में जोरदार खरीदारी, कच्चे तेल में गिरावट और विदेशी निवेश ने बढ़ाया बाजार का उत्साह
मजबूत वैश्विक संकेतों और घरेलू स्तर पर बढ़ती खरीदारी के चलते मंगलवार को शेयर बाजार में जबरदस्त तेजी दर्ज की गई। प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी ने शुरुआती कारोबार में ही ऊंची छलांग लगाते हुए निवेशकों का भरोसा मजबूत किया।
मुंबई (ए)। सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन मंगलवार को शेयर बाजार ने तेज शुरुआत के साथ मजबूती का रुख अपनाया। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 700 अंकों से अधिक की छलांग लगाकर 79,200 के पार पहुंच गया, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 भी करीब 200 अंकों की बढ़त के साथ 24,550 के स्तर पर कारोबार करता नजर आया।
सेंसेक्स के 30 में से 25 शेयरों में तेजी दर्ज की गई, जबकि केवल 5 में गिरावट रही। बाजार में सबसे अधिक उत्साह रियल्टी और ऑटो सेक्टर के शेयरों में देखने को मिला, जहां निवेशकों ने जमकर खरीदारी की।
बाजार में इस तेजी के पीछे कई सकारात्मक कारक काम कर रहे हैं। वैश्विक बाजारों से मिले मजबूत संकेतों ने निवेशकों के भरोसे को बढ़ाया है। अमेरिकी बाजारों में मजबूती और एशियाई बाजारों जैसे निक्केई व कोस्पी में तेजी का असर भारतीय बाजार पर भी साफ दिखा।
इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट ने भी राहत दी है। भारत जैसे बड़े आयातक देश के लिए सस्ता तेल अर्थव्यवस्था और कॉरपोरेट मुनाफे के लिहाज से फायदेमंद माना जाता है। अमेरिका में 10 साल के ट्रेजरी बॉन्ड यील्ड में नरमी आने से विदेशी निवेशकों का रुझान उभरते बाजारों की ओर बढ़ा है, जिससे भारतीय बाजार को सहारा मिला।
वहीं, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक और आईसीआईसीआई बैंक जैसे दिग्गज शेयरों में शुरुआती कारोबार के दौरान मजबूत खरीदारी देखने को मिली, जिसने सूचकांकों को ऊंचाई पर पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले सोमवार को बाजार में हल्की बढ़त देखने को मिली थी। सेंसेक्स 27 अंकों की बढ़त के साथ 78,520 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 11 अंक चढ़कर 24,365 के स्तर पर रहा था।