तापमान में और बढ़ोतरी के संकेत, कुछ इलाकों में अंधड़ और हल्की बारिश की संभावना
मध्य छत्तीसगढ़ में गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों के लिए हीट वेव का अलर्ट जारी किया है, जिससे दिन के साथ-साथ रात में भी लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ के मध्य हिस्सों में आने वाले दिनों में भीषण गर्मी का असर और तेज होने वाला है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों के लिए हीट वेव का अलर्ट जारी किया है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।
विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक कुछ क्षेत्रों में ‘वॉर्म नाइट’ की स्थिति बनी रहेगी, यानी रात के समय भी तापमान सामान्य से अधिक रहेगा और लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल पाएगी।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, बिहार से मध्य प्रदेश तक सक्रिय ट्रफ लाइन झारखंड और उत्तर छत्तीसगढ़ से गुजर रही है। इसके प्रभाव से प्रदेश के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
हालांकि, इन गतिविधियों के बावजूद गर्मी के असर में कोई खास कमी आने के आसार नहीं हैं। विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों तक तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद तीन दिनों में तापमान 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।
राज्य में फिलहाल सबसे अधिक तापमान बिलासपुर में 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जबकि जगदलपुर में न्यूनतम तापमान 23.3 डिग्री सेल्सियस रहा। लगातार बढ़ती गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है।