दुर्ग-भिलाई में सख्ती का असर, हेलमेट नहीं पहनने से 4 महीने में 26 लोगों की मौत
सड़क हादसों में जान बचाने के लिए दुर्ग-भिलाई में यातायात पुलिस ने बिना हेलमेट वाहन चालकों के खिलाफ सख्त अभियान छेड़ रखा है। लगातार कार्रवाई के चलते न सिर्फ हजारों चालान काटे गए हैं, बल्कि लोगों में जागरूकता भी बढ़ने लगी है।
दुर्ग-भिलाई। दुर्ग और भिलाई में सड़क सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस का अभियान तेज हो गया है। खास तौर पर बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक 23,088 लोगों के खिलाफ बिना हेलमेट वाहन चलाने पर चालान किया गया है। इस दौरान 1 करोड़ 15 लाख 44 हजार रुपए से अधिक की जुर्माना राशि वसूली गई है।
पिछले वर्षों के आंकड़े भी इस सख्ती में लगातार वृद्धि को दर्शाते हैं। वर्ष 2023 में 1,653 मामलों में कार्रवाई कर 8.26 लाख रुपए वसूले गए थे। इसके बाद 2024 में 3,961 मामलों में 19.80 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया, जबकि 2025 में 2,328 मामलों में 11.64 लाख रुपए की वसूली हुई।
इसके बावजूद सड़क हादसों में मौत के आंकड़े चिंता बढ़ा रहे हैं। वर्ष 2025 में बिना हेलमेट दुर्घटनाओं में 230 लोगों की जान गई थी, वहीं 2026 के पहले चार महीनों में ही 26 लोगों की मौत दर्ज की जा चुकी है। पुलिस का कहना है कि इनमें से कई जानें हेलमेट पहनने से बचाई जा सकती थीं।
यातायात पुलिस के अनुसार लगातार सख्ती का असर अब सड़कों पर दिखने लगा है और पहले के मुकाबले अधिक लोग हेलमेट का उपयोग कर रहे हैं। हालांकि, अभी भी बड़ी संख्या में लोग नियमों की अनदेखी कर रहे हैं, जिस पर कार्रवाई जारी है।
पुलिस ने साफ किया है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। शहर के विभिन्न इलाकों में नियमित चेकिंग, पेट्रोलिंग और विशेष अभियान के जरिए नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा रहा है।