बेंगलुरु में ‘आर्ट ऑफ लिविंग’ कार्यक्रम में पीएम ने कांग्रेस को घेरा; कर्नाटक सरकार की कार्यशैली और विपक्षी गठबंधन पर भी साधा निशाना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेंगलुरु में आयोजित ‘आर्ट ऑफ लिविंग’ के 45वें स्थापना दिवस समारोह में कांग्रेस और विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्षों तक DMK के समर्थन से सत्ता में रहने वाली कांग्रेस ने राजनीतिक समीकरण बदलते ही सहयोगी दल की पीठ में छुरा घोंप दिया। पीएम ने कर्नाटक सरकार की कार्यशैली, कांग्रेस की चुनावी गारंटियों और भाजपा की बढ़ती राजनीतिक ताकत का भी जिक्र किया।
नई दिल्ली (ए)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को बेंगलुरु में ‘आर्ट ऑफ लिविंग’ इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और DMK के बीच पिछले ढाई दशक से मजबूत राजनीतिक संबंध रहे हैं और केंद्र में 10 साल तक चली यूपीए सरकार भी DMK के समर्थन के सहारे टिकी रही।
पीएम मोदी ने कहा कि DMK ने हर कठिन समय में कांग्रेस का साथ दिया, लेकिन जैसे ही राजनीतिक हालात बदले, कांग्रेस ने सबसे पहले उसी सहयोगी दल को धोखा दिया। उन्होंने इसे “पीठ में छुरा घोंपने” जैसा व्यवहार बताया।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कांग्रेस की नीतियों और चुनावी वादों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस केवल झूठे वादे और भ्रम फैलाने की राजनीति करती है। कर्नाटक का उदाहरण देते हुए पीएम ने कहा कि राज्य सरकार जनता की समस्याओं पर ध्यान देने के बजाय आंतरिक कलह में उलझी हुई है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस के भीतर यह तक स्पष्ट नहीं है कि मुख्यमंत्री कितने समय तक पद पर बने रहेंगे।
पीएम मोदी ने विपक्षी गठबंधन की राजनीतिक स्थिति पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि जो पार्टी कभी 400 से अधिक सीटें जीतती थी, वह अब अपने सहयोगियों के साथ मिलकर भी 100 सीटों का आंकड़ा पार नहीं कर पा रही है। इसके बावजूद विपक्ष अपनी हार स्वीकार करने के बजाय दूसरों को जिम्मेदार ठहराता है।
भाजपा और NDA की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के कई राज्यों में पार्टी लगातार मजबूत हो रही है। उन्होंने पुडुचेरी और असम में NDA सरकार की वापसी को जनता के भरोसे का प्रमाण बताया। पश्चिम बंगाल में भाजपा को मिले समर्थन को उन्होंने पार्टी के विस्तार का बड़ा संकेत बताया।
पीएम ने कहा कि एक समय बंगाल में भाजपा के केवल तीन विधायक थे, लेकिन आज वहां पार्टी सत्ता में है और 200 से ज्यादा विधायक हैं। उन्होंने केरल, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और कर्नाटक में भी भाजपा के बढ़ते प्रभाव का उल्लेख किया।
बेंगलुरु कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री तेलंगाना रवाना हुए, जहां वे करीब 9,400 करोड़ रुपए की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इसके बाद वे गुजरात दौरे पर जाएंगे, जहां सोमनाथ अमृत महोत्सव और कई सार्वजनिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।