रायपुर की पिच पर टॉस बनेगा गेमचेंजर; नमी के चलते शुरुआती ओवरों में गेंदबाजों को मिल सकती है स्विंग और सीम
करीब एक दशक बाद रायपुर एक बार फिर IPL के रोमांच में डूबने जा रहा है। शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में IPL 2026 का पहला मुकाबला मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच खेला जाएगा। मैच से पहले दोनों टीमों ने जमकर अभ्यास किया, हालांकि बारिश ने तैयारियों में थोड़ी बाधा डाली। मौसम और पिच की परिस्थितियां इस हाईवोल्टेज मुकाबले को और दिलचस्प बना सकती हैं।
रायपुर। रायपुर में क्रिकेट प्रेमियों का इंतजार आखिरकार खत्म होने जा रहा है। लगभग 10 साल बाद शहर फिर से IPL मुकाबलों की मेजबानी के लिए तैयार है। रविवार को शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच मुकाबले के साथ क्रिकेट का बड़ा उत्सव शुरू होगा।
मैच से पहले शनिवार शाम दोनों टीमों ने मैदान पर कड़ी प्रैक्टिस की, लेकिन अचानक हुई बारिश के कारण अभ्यास सत्र बीच में रोकना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार रविवार शाम को बादल छाए रह सकते हैं और हल्की धूलभरी हवाएं चलने की संभावना है। हालांकि बारिश मैच में बड़ी बाधा बनने की स्थिति में नहीं दिख रही।
रायपुर की पिच का इतिहास लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों के पक्ष में रहा है। अब तक यहां खेले गए 6 IPL मुकाबलों में 4 बार दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीत हासिल की है। इससे यह संकेत मिलता है कि मैच बढ़ने के साथ पिच बल्लेबाजों के लिए ज्यादा अनुकूल हो जाती है।
हालिया बारिश के कारण पिच और आउटफील्ड में हल्की नमी बनी रह सकती है। ऐसे में शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को सीम और स्विंग मिलने की उम्मीद है। नई गेंद बल्लेबाजों के लिए चुनौती बन सकती है और शुरुआत में रन बनाना आसान नहीं रहेगा।
क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि टॉस इस मुकाबले में अहम भूमिका निभा सकता है। कप्तान पहले गेंदबाजी का फैसला कर सकते हैं, ताकि नमी और शुरुआती मूवमेंट का फायदा उठाया जा सके। वहीं जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ेगा, बल्लेबाजी अपेक्षाकृत आसान हो सकती है।
यदि पिच में नमी बनी रहती है तो स्पिनर्स को भी मिडिल ओवर्स में मदद मिल सकती है। गेंद रुककर आने और हल्का टर्न मिलने से बड़े शॉट खेलना आसान नहीं रहेगा।
रायपुर का IPL इतिहास भले लंबा नहीं रहा हो, लेकिन यहां खेले गए मुकाबलों ने हमेशा रोमांच पैदा किया है। IPL के शुरुआती दौर में दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स) ने रायपुर को अपना दूसरा घरेलू मैदान बनाया था। 2013, 2015 और 2016 में यहां कुल छह मुकाबले खेले गए, जिनमें दिल्ली की टीम सबसे सफल रही।
रायपुर में पहला IPL मैच 28 अप्रैल 2013 को खेला गया था, जब दिल्ली ने पुणे वॉरियर्स इंडिया को 15 रन से हराया था। इसके बाद कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ भी दिल्ली ने जीत दर्ज कर यहां अपने दबदबे का एहसास कराया था। अब एक बार फिर रायपुर क्रिकेट के बड़े मंच पर लौट रहा है और फैंस को हाईवोल्टेज मुकाबले का इंतजार है।