रायपुर क्राइम ब्रांच और कोतवाली पुलिस की कार्रवाई, बिलासपुर से पकड़ा गया आरोपी; डिजिटल सबूत मिटाने की कर रहा था कोशिश
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की 12वीं हिंदी परीक्षा पेपर लीक मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। रायपुर क्राइम ब्रांच और कोतवाली थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मामले के मुख्य आरोपी वेणु उर्फ वेणु जंघेल को बिलासपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर छात्रों से पैसे लेकर प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य नष्ट करने का आरोप है।
रायपुर। 12वीं बोर्ड हिंदी परीक्षा का प्रश्नपत्र सोशल मीडिया पर वायरल होने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी वेणु उर्फ वेणु जंघेल को रायपुर क्राइम ब्रांच और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने बिलासपुर से दबोचा। गिरफ्तारी के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी छात्रों से करीब 3 हजार रुपये लेकर प्रश्नपत्र उपलब्ध कराता था। बताया जा रहा है कि पेपर टेलीग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए वायरल किया गया था।
सोशल मीडिया से शुरू हुई जांच
मामले की शुरुआत तब हुई जब माध्यमिक शिक्षा मंडल की 12वीं हिंदी परीक्षा का प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद कोतवाली थाना में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त मध्य जोन के निर्देशन में विशेष जांच टीम गठित की गई। साइबर एक्सपर्ट्स की मदद से मोबाइल चैट, सोशल मीडिया रिकॉर्ड और डिलीट किए गए डिजिटल डेटा को रिकवर किया गया।
50 से ज्यादा छात्रों से पूछताछ
जांच के दौरान पुलिस ने 50 से अधिक छात्रों और संदिग्धों से पूछताछ की। इसी कड़ी में पुलिस को मुख्य आरोपी वेणु जंघेल तक पहुंचने में सफलता मिली। आरोपी बेमेतरा जिले के ग्राम बरसरा का निवासी है और रायपुर के गोकुल नगर इलाके में रह रहा था।
पुलिस के मुताबिक, मामला सामने आने के बाद आरोपी फरार हो गया था और गिरफ्तारी से बचने के लिए मोबाइल सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक सबूत नष्ट करने की कोशिश कर रहा था।
5 हजार का था इनाम
पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। लगातार डिजिटल ट्रैकिंग, तकनीकी निगरानी और मुखबिर की सूचना के आधार पर उसे बिलासपुर से गिरफ्तार किया गया।
चार दिन की पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी ने पेपर लीक नेटवर्क, आर्थिक लेन-देन और अन्य संलिप्त लोगों के बारे में अहम जानकारी दी है। पुलिस अब इस मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ और गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं।