मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक, नवा रायपुर कन्वेंशन सेंटर समेत कई परियोजनाओं की समीक्षा
छत्तीसगढ़ में औद्योगिक विकास को नई दिशा देने की तैयारी तेज हो गई है। राज्य में निवेश बढ़ाने और आधुनिक औद्योगिक अधोसंरचना विकसित करने के उद्देश्य से मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित सार्वजनिक निजी भागीदारी मूल्यांकन समिति (PPPAC) की बैठक में कई अहम परियोजनाओं पर मंथन हुआ। मुख्य सचिव श्री विकासशील ने अधिकारियों को प्रक्रियाओं को सरल और पारदर्शी बनाकर औद्योगिक परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए।
रायपुर। राज्य में औद्योगिक निवेश और अधोसंरचना विकास को गति देने के लिए सरकार ने सार्वजनिक निजी भागीदारी (PPP) मॉडल के तहत नई परियोजनाओं को आगे बढ़ाने की कवायद तेज कर दी है। इसी कड़ी में बुधवार को मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव श्री विकासशील की अध्यक्षता में छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम (CSIDC) की सार्वजनिक निजी भागीदारी मूल्यांकन समिति (PPPAC) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में राज्य के विभिन्न हिस्सों में प्रस्तावित औद्योगिक एवं व्यावसायिक परियोजनाओं की प्रगति और संभावनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। प्रमुख रूप से बिलासपुर में ट्रांसपोर्ट नगर के विकास, नवा रायपुर में अत्याधुनिक कन्वेंशन सेंटर निर्माण, धमतरी के छाती तथा बलौदाबाजार के चंदेरी क्षेत्र में नए औद्योगिक क्षेत्रों के विकास पर चर्चा हुई। इसके अलावा भिलाई में कमर्शियल टॉवर और फ्लेटेड फैक्ट्री बिल्डिंग निर्माण की योजनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।
मुख्य सचिव श्री विकासशील ने कहा कि राज्य में औद्योगिक वातावरण को अधिक अनुकूल बनाने के लिए नियमों और प्रक्रियाओं का सरलीकरण जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निवेशकों को परियोजनाओं की स्वीकृति और भूमि आवंटन में अनावश्यक बाधाओं का सामना न करना पड़े। साथ ही इंडस्ट्रियल पार्क आवंटन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और व्यावहारिक बनाने पर जोर दिया गया।
बैठक के दौरान उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के सचिव श्री रजत कुमार ने विभिन्न पीपीपी परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति, निवेश संभावनाओं और आगामी कार्ययोजना का विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। बैठक में विधि एवं विधायी विभाग की प्रमुख सचिव श्रीमती सुषमा सावंत, वित्त विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव सहित CSIDC, योजना एवं वित्त विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।