शॉर्ट सर्किट और सिलेंडर विस्फोट में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत, जांच और राहत के दिए निर्देश
दुर्ग जिले के कुम्हारी में हुए दर्दनाक हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। शॉर्ट सर्किट के बाद सिलेंडर विस्फोट से एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा दुःख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को कुल 9-9 लाख रुपये सहायता राशि देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने प्रशासन को राहत एवं सहायता कार्यों में संवेदनशीलता बरतने के निर्देश दिए हैं।
रायपुर। दुर्ग जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र में हुए भीषण हादसे में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से प्रदेश में शोक की लहर है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शॉर्ट सर्किट के बाद सिलेंडर विस्फोट होने से यह दर्दनाक घटना हुई। हादसे पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने गहरा दुःख जताते हुए इसे अत्यंत हृदयविदारक बताया है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि इस घटना ने उन्हें भीतर तक व्यथित कर दिया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगतों की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि इस कठिन घड़ी में राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ प्रभावित परिवार के साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को शासन की ओर से मिलने वाली 4-4 लाख रुपये की नियमानुसार सहायता राशि के अतिरिक्त 5-5 लाख रुपये की विशेष सहायता देने की घोषणा की है। इस तरह प्रत्येक मृतक के परिजनों को कुल 9-9 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देशित किया कि पीड़ित परिवार के ठहरने, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही हादसे के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए हैं।