बेरला से नागपुर कत्लखाने ले जाए जा रहे थे मवेशी, चालक गिरफ्तार और नाबालिग हिरासत में
दुर्ग जिले में अवैध पशु तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। धमधा थाना क्षेत्र में पुलिस ने देर रात घेराबंदी कर बोलेरो पिकअप वाहन से क्रूरतापूर्वक भरे गए 5 मवेशियों को बरामद किया। कार्रवाई के दौरान वाहन चालक को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसके नाबालिग साथी को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है।
दुर्ग-भिलाई। जिले में पशु तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धमधा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बोलेरो पिकअप वाहन से पांच मवेशियों को मुक्त कराया है। पुलिस ने वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके साथ मौजूद एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है। आरोपियों पर पशु क्रूरता और अवैध परिवहन से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार 12 मई की रात पुलिस को सूचना मिली थी कि धमधा-गंडई मुख्य मार्ग से मवेशियों की अवैध तस्करी की जा रही है। सूचना के बाद पुलिस टीम ने ग्राम पेण्ड्री चौक के पास घेराबंदी कर निगरानी शुरू की। तड़के करीब तीन बजे एक संदिग्ध महिंद्रा बोलेरो मैक्स पिकअप वाहन वहां से गुजरता दिखाई दिया। पुलिस ने वाहन रोकने का संकेत दिया, लेकिन चालक ने तेज रफ्तार में भागने की कोशिश की।
इसके बाद पुलिस ने पीछा कर वाहन को रोका और तलाशी ली। जांच में वाहन के पीछे डाले में तालपतरी से ढंककर पांच मवेशियों को बेरहमी से ठूंस-ठूंसकर भरा हुआ पाया गया। मवेशियों की हालत बेहद खराब थी। मौके पर पुलिस ने चालक और उसके साथी से पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मवेशियों को बेरला क्षेत्र से लोड किया गया था और उन्हें मध्यप्रदेश के लांजी मार्ग से नागपुर स्थित कत्लखाने ले जाया जा रहा था। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन समेत मवेशियों को जब्त कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दुर्गेश घोरमारे (21) निवासी ग्राम चिचटोला, थाना लांजी, जिला बालाघाट (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 और 10 तथा पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11 के तहत मामला दर्ज किया है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने महिंद्रा बोलेरो मैक्स पिकअप क्रमांक MH 35 AJ 4771, मवेशी, तालपतरी और परिवहन में इस्तेमाल अन्य सामग्री भी जब्त की है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।