शाम को बारिश के आसार, शाहरुख खान के पहुंचने की चर्चा; दर्शकों के लिए अलग-अलग रूट तय
राजधानी रायपुर का शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम आज IPL के रोमांच से गुलजार रहेगा। शाम 7:30 बजे होने वाले RCB और KKR के मुकाबले को लेकर प्रशासन और क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह चरम पर है। मैच के मद्देनजर ट्रैफिक पुलिस ने विशेष रूट प्लान और पार्किंग व्यवस्था लागू की है, जबकि मौसम विभाग ने शाम को बारिश और तेज आंधी की संभावना जताई है।
रायपुर। राजधानी रायपुर में आज क्रिकेट प्रेमियों की नजरें शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम पर टिकी रहेंगी, जहां इंडियन प्रीमियर लीग के तहत रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच मुकाबला खेला जाएगा। मैच शाम 7:30 बजे शुरू होगा। इस हाईप्रोफाइल मुकाबले को लेकर सुरक्षा, ट्रैफिक और पार्किंग की विशेष तैयारियां की गई हैं। वहीं बॉलीवुड अभिनेता और KKR के सह-मालिक Shah Rukh Khan के भी रायपुर पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
मैच को देखते हुए रायपुर ट्रैफिक पुलिस ने विस्तृत रूट चार्ट जारी किया है। शहर से स्टेडियम जाने वाले दर्शकों को तेलीबांधा थाना तिराहा, नेशनल हाईवे-53, सेरीखेड़ी ओवरब्रिज और नया रायपुर मार्ग से होकर गुजरना होगा। वाहनों की पार्किंग स्टेडियम के पूर्व दिशा स्थित परसदा और कोसा पार्किंग में की जाएगी। अतिरिक्त भीड़ होने पर श्री सत्य साईं अस्पताल और सेंध तालाब परिसर को वैकल्पिक पार्किंग स्थल के रूप में उपयोग किया जाएगा।
प्रशासन ने बिलासपुर, बलौदाबाजार, धमतरी, जगदलपुर, दुर्ग-भिलाई और महासमुंद की ओर से आने वाले दर्शकों के लिए अलग-अलग ट्रैफिक रूट निर्धारित किए हैं, ताकि जाम की स्थिति न बने और दर्शकों को सुगम आवाजाही मिल सके।
मुकाबले से पहले दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने नेट सेशन में जमकर अभ्यास किया। बल्लेबाजों ने बड़े शॉट्स और डेथ ओवरों में तेजी से रन बनाने की रणनीति पर काम किया, जबकि गेंदबाजों ने यॉर्कर, स्लोअर वन और अंतिम ओवरों की गेंदबाजी का अभ्यास किया।
इस बार स्टेडियम प्रबंधन की जिम्मेदारी RCB मैनेजमेंट के पास है। हालांकि पिछले मुकाबले के दौरान व्यवस्थाओं को लेकर कई सवाल भी उठे थे। दर्शकों ने फ्री वाई-फाई सुविधा नहीं मिलने, खाद्य पदार्थों की ऊंची कीमतों और स्टेडियम परिसर में मारपीट की घटनाओं को लेकर नाराजगी जताई थी। सोशल मीडिया पर पानी की बोतल और खाने-पीने की चीजों के अधिक दाम वसूले जाने को लेकर भी लोगों ने तीखी प्रतिक्रिया दी थी। फिलहाल इस मामले में आयोजकों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।