स्टेडियम पहुंचने उमड़ी क्रिकेट प्रेमियों की भीड़, जर्सी-टोपी की दुकानों पर रौनक; ट्रैफिक पुलिस ने जारी किया रूट प्लान
Royal Challengers Bengaluru और Kolkata Knight Riders के बीच रायपुर में होने वाले मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। मैच से पहले नवा रायपुर में हल्की बूंदाबांदी ने मौसम को खुशनुमा बना दिया है। वहीं स्टेडियम पहुंचने वाले रास्तों पर फैंस जर्सी, टोपी और टीम के झंडे खरीदते नजर आए।
रायपुर। राजधानी के Shaheed Veer Narayan Singh International Cricket Stadium में आज शाम 7:30 बजे से IPL का हाईवोल्टेज मुकाबला खेला जाएगा। Royal Challengers Bengaluru और Kolkata Knight Riders के बीच होने वाले इस मैच को लेकर सुबह से ही फैंस का उत्साह चरम पर है। मैच शुरू होने से पहले नवा रायपुर में हल्की बारिश हुई, जिससे मौसम सुहाना हो गया। हालांकि बूंदाबांदी के चलते स्टेडियम के बाहर दुकान लगाने वाले व्यापारियों को कुछ देर के लिए सामान समेटना पड़ा।
स्टेडियम की ओर जाने वाले मार्गों पर क्रिकेट प्रेमियों की भीड़ लगातार बढ़ रही है। कई युवा अपनी पसंदीदा टीम की जर्सी और टोपी खरीदते नजर आए। शहर में इस बात की भी चर्चा है कि Shah Rukh Khan अपनी टीम Kolkata Knight Riders को सपोर्ट करने रायपुर पहुंच सकते हैं।
ट्रैफिक पुलिस ने जारी किया रूट प्लान
मैच को देखते हुए रायपुर ट्रैफिक पुलिस ने विशेष ट्रैफिक और पार्किंग व्यवस्था लागू की है। रायपुर शहर से स्टेडियम जाने वाले दर्शकों को तेलीबांधा थाना तिराहा, नेशनल हाईवे-53, सेरीखेड़ी ओवरब्रिज और नया रायपुर मार्ग से होकर गुजरना होगा।
दर्शकों की गाड़ियों के लिए स्टेडियम के पूर्व दिशा स्थित परसदा और कोसा पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। पार्किंग फुल होने की स्थिति में श्री सत्य साईं हॉस्पिटल और सेंध तालाब पार्किंग का उपयोग किया जाएगा।
अलग-अलग जिलों से आने वालों के लिए विशेष व्यवस्था
बिलासपुर, बलौदाबाजार, धमतरी, जगदलपुर, दुर्ग-भिलाई और महासमुंद की ओर से आने वाले दर्शकों के लिए अलग-अलग रूट तय किए गए हैं, ताकि मैच के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू बनी रहे और दर्शकों को परेशानी का सामना न करना पड़े।