सूबेदार, उप निरीक्षक और प्लाटून कमांडर पदों के लिए 33 जिलों में बनाए गए परीक्षा केंद्र, एडमिट कार्ड परीक्षा से 15 दिन पहले होंगे जारी
छत्तीसगढ़ में पुलिस विभाग की बहुप्रतीक्षित भर्ती परीक्षा की तारीख घोषित कर दी गई है। सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग और प्लाटून कमांडर पदों के लिए प्रारंभिक लिखित परीक्षा 12 जुलाई 2026 को आयोजित होगी। दस्तावेज सत्यापन और शारीरिक माप परीक्षण के बाद 63 हजार 342 अभ्यर्थियों को परीक्षा के लिए पात्र घोषित किया गया है।
रायपुर। Chhattisgarh Public Service Commission द्वारा सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग एवं प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। प्रारंभिक लिखित परीक्षा आगामी 12 जुलाई 2026, रविवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक प्रदेश के 33 जिलों में आयोजित की जाएगी।
आयोग के अनुसार भर्ती प्रक्रिया के लिए कुल 1 लाख 37 हजार 323 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए थे। छत्तीसगढ़ पुलिस मुख्यालय द्वारा दस्तावेज सत्यापन एवं शारीरिक माप परीक्षण के बाद 63 हजार 342 अभ्यर्थियों को प्रारंभिक परीक्षा के लिए अर्ह घोषित किया गया है।
परीक्षा के लिए प्रदेशभर में जिला स्तर पर केंद्र बनाए गए हैं। इनमें सरगुजा, कोरिया, बिलासपुर, धमतरी, दुर्ग, दंतेवाड़ा, बस्तर, जांजगीर-चांपा, जशपुर, कबीरधाम, कांकेर, कोरबा, महासमुंद, रायपुर, रायगढ़ और राजनांदगांव सहित कुल 33 जिले शामिल हैं। इसके अलावा नवगठित जिलों बलौदाबाजार-भाटापारा, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में भी परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा के प्रवेश पत्र परीक्षा तिथि से 15 दिन पहले जारी किए जाएंगे। अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग से एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे।
आयोग ने यह भी कहा है कि किसी भी अभ्यर्थी को अलग से डाक, सूचना पत्र या एसएमएस के माध्यम से प्रवेश पत्र नहीं भेजा जाएगा। अभ्यर्थियों को नियमित रूप से आयोग की वेबसाइट पर अपडेट देखते रहने की सलाह दी गई है।