80 किमी रफ्तार की आंधी से यूपी में तबाही, राजस्थान में रेड अलर्ट; मध्यप्रदेश के 25 से ज्यादा जिले हीटवेव की चपेट में
देशभर में मौसम के दो अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। एक ओर उत्तर प्रदेश में तेज आंधी और तूफान ने भारी तबाही मचाते हुए 94 लोगों की जान ले ली, वहीं दूसरी ओर राजस्थान और मध्यप्रदेश भीषण गर्मी और हीटवेव से झुलस रहे हैं। मौसम विभाग ने कई राज्यों में आंधी, बारिश और लू को लेकर अलर्ट जारी किया है।
भोपाल/जयपुर/लखनऊ/पटना (ए)। देश के कई राज्यों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। उत्तर प्रदेश में तेज आंधी और तूफान ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। प्रयागराज और अयोध्या समेत करीब 30 जिलों में बुधवार को आए तेज तूफान और बारिश के चलते 94 लोगों की मौत हो गई। सबसे अधिक 17 मौतें प्रयागराज और 16 भदोही जिले में दर्ज की गईं।
तेज हवाओं का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कई इलाकों में हवा की रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई। बरेली में एक युवक टीनशेड समेत हवा में उछल गया, जिसका वीडियो भी सामने आया है। वहीं बांदा में पारा 45.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग ने आज राज्य के 51 जिलों में तेज आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की है।
उधर, Rajasthan में भी गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। लगातार चौथे दिन जैसलमेर देश का सबसे गर्म शहर रिकॉर्ड किया गया, जहां तापमान 46.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने बीकानेर, जोधपुर, जैसलमेर और बाड़मेर में भीषण गर्मी को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है, जबकि 13 जिलों में हीटवेव की चेतावनी दी गई है।
Madhya Pradesh में भी लू का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रदेश के 25 से अधिक जिले हीटवेव की चपेट में हैं और मौसम विभाग ने 18 मई तक राहत नहीं मिलने के संकेत दिए हैं। बुधवार को खजुराहो में तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इंदौर, उज्जैन, धार और रतलाम में हीटवेव के साथ वार्म नाइट का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं Haryana में भी तापमान तेजी से बढ़ रहा है। पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में 1.1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। नारनौल समेत पांच शहरों में तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया। राज्य में 17 मई से हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा Bihar के पूर्णिया, कटिहार समेत सात जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि Uttarakhand के पर्वतीय इलाकों में बारिश की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट घोषित किया गया है।