Oplus_131072
अंतिम यात्रा की तैयारियां पूरी, पत्नी अपर्णा रातभर शव के पास रहीं; पोस्टमॉर्टम में कार्डिएक अरेस्ट से मौत की पुष्टि
समाजवादी पार्टी प्रमुख Akhilesh Yadav के छोटे भाई Prateek Yadav को आज अंतिम विदाई दी जाएगी। लखनऊ में बैकुंठ धाम पर उनका अंतिम संस्कार होगा। 38 वर्षीय प्रतीक यादव के निधन से यादव परिवार और राजनीतिक गलियारों में शोक का माहौल है। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में नेता और समर्थक पहुंच रहे हैं।
लखनऊ (ए)। समाजवादी पार्टी संस्थापक Mulayam Singh Yadav के पुत्र और सपा प्रमुख अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव की अंतिम यात्रा कुछ देर में शुरू होगी। उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है, जहां परिजन, रिश्तेदार और राजनीतिक हस्तियां श्रद्धांजलि अर्पित कर रही हैं। बैकुंठ धाम में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
शव वाहन को फूलों से सजाया गया है। वाहन पर प्रतीक यादव की पालतू कुत्तों और बंदर के साथ तस्वीर लगाई गई है, जो उनके पशु प्रेम को दर्शाती है। आध्यात्मिक गुरु Swami Avdheshanand Giri सहित उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री Keshav Prasad Maurya और Brajesh Pathak ने पहुंचकर श्रद्धांजलि दी। Shivpal Singh Yadav और Dimple Yadav ने भी अंतिम दर्शन किए।
बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह करीब 6 बजे प्रतीक यादव का निधन हो गया था। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत का कारण कार्डिएक अरेस्ट बताया गया है। रिपोर्ट के अनुसार उनके शरीर पर छह चोटों के निशान मिले हैं, जिनमें तीन चोटें करीब एक सप्ताह पुरानी और तीन हाल की बताई गई हैं। डॉक्टरों ने विसरा सुरक्षित रख लिया है।
पत्नी और भाजपा नेता Aparna Yadav रातभर दोनों बेटियों के साथ पार्थिव शरीर के पास बैठी रहीं। परिवार के करीबी लोगों के अनुसार पूरा परिवार गहरे सदमे में है।
डॉक्टरों के मुताबिक प्रतीक यादव लंबे समय से पल्मोनरी एम्बोलिज्म जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। इस बीमारी में खून का थक्का फेफड़ों की नसों में पहुंचकर रक्त संचार को प्रभावित करता है। जानकारी के अनुसार बीते 13 दिनों में उन्हें दो बार हार्ट अटैक आया था। 30 अप्रैल को लखनऊ एयरपोर्ट पर भी वे अचानक गिर पड़े थे, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
प्रतीक यादव राजनीति से दूर रहकर कारोबार और फिटनेस की दुनिया में सक्रिय थे। उन्होंने ब्रिटेन की लीड्स यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की थी। लग्जरी कारों और सुपर बाइक्स के शौकीन प्रतीक रियल एस्टेट और फिटनेस बिजनेस से जुड़े थे।
करीब 14 साल पहले उन्होंने अपर्णा यादव से लव मैरिज की थी। दोनों की दो बेटियां हैं। इसी साल जनवरी में दोनों के रिश्तों में तनाव की खबरें सामने आई थीं, हालांकि बाद में दोनों के बीच सुलह हो गई थी। सोशल मीडिया पर प्रतीक ने अपर्णा के साथ तस्वीर साझा कर ‘All is Good’ लिखकर रिश्ते सामान्य होने का संकेत दिया था।