NTA की पेपर सेटिंग कमेटी से जुड़ी होने का दावा, एग्जाम से पहले छात्रों को करवाए थे सवाल
लीक पेपर के बदले छात्रों और अभिभावकों से वसूले गए लाखों रुपए
अब तक दिल्ली, पुणे और जयपुर समेत कई शहरों से 9 आरोपी गिरफ्तार
NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में जांच एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। CBI ने मामले की नौवीं आरोपी और पुणे की बायोलॉजी लेक्चरर मनीषा मंधारे को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की CBI कस्टडी में भेज दिया गया। एजेंसी का दावा है कि मंधारे परीक्षा के प्रश्नपत्र तैयार करने वाली समिति से जुड़ी थी और उसने परीक्षा से पहले चुनिंदा छात्रों को सवाल उपलब्ध कराए थे।
नई दिल्ली (ए)। NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले की जांच में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने इस मामले में गिरफ्तार नौवीं आरोपी मनीषा मंधारे को शनिवार को राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया। अदालत ने उसे 14 दिन की CBI हिरासत में भेज दिया है।
पुणे की रहने वाली मनीषा मंधारे पेशे से बॉटनी टीचर और बायोलॉजी लेक्चरर है। CBI के अनुसार वह नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की पेपर सेटिंग कमेटी से जुड़ी हुई थी और उसे परीक्षा में आने वाले प्रश्नों की जानकारी पहले से थी।
स्पेशल कोचिंग क्लास में करवाए गए सवाल
जांच एजेंसी का आरोप है कि मंधारे ने परीक्षा से पहले पुणे में विशेष कोचिंग क्लास संचालित की थी। इन क्लासेस में छात्रों को बॉटनी और जूलॉजी से जुड़े वही सवाल और उत्तर नोट करवाए गए, जो बाद में NEET परीक्षा में पूछे गए।
CBI के मुताबिक मंधारे ने पुणे से गिरफ्तार ब्यूटीशियन मनीषा वाघमारे के जरिए छात्रों को अपने नेटवर्क से जोड़ा और उन्हें कोचिंग में दाखिला दिलवाया।
लाखों रुपए लेकर पहुंचाया गया पेपर
एजेंसी का दावा है कि मनीषा मंधारे और मनीषा वाघमारे ने छात्रों और उनके अभिभावकों से प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने के बदले मोटी रकम वसूली। इसके बाद वाघमारे ने अपने संपर्कों के जरिए अन्य छात्रों तक भी पेपर पहुंचाया।
CBI ने बताया कि मंधारे की गिरफ्तारी आरोपी मनीषा वाघमारे और कथित मास्टरमाइंड पीवी कुलकर्णी से पूछताछ के बाद हुई। कुलकर्णी लातूर का केमिस्ट्री प्रोफेसर है और कई वर्षों तक NEET पेपर सेटिंग पैनल से जुड़ा रहा है।
कुलकर्णी पर भी गंभीर आरोप
जांच में सामने आया है कि कुलकर्णी ने अप्रैल के अंतिम सप्ताह में अपने घर पर विशेष क्लास आयोजित कर छात्रों को संभावित प्रश्न, विकल्प और उत्तर बताए थे। बाद में यही प्रश्न परीक्षा में पूछे गए।
NTA में प्रशासनिक फेरबदल
पेपर लीक विवाद के बीच केंद्र सरकार ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी में बड़े स्तर पर प्रशासनिक बदलाव किए हैं। IRS अधिकारी आकाश जैन और आदित्य राजेंद्र भोजगढिया को जॉइंट डायरेक्टर नियुक्त किया गया है, जबकि अनुजा बापट और रुचिता विज को जॉइंट सेक्रेटरी बनाया गया है।
परीक्षा रद्द, अब होगा री-एग्जाम
NEET-UG परीक्षा 3 मई को देश के 551 शहरों और विदेश के 14 केंद्रों पर आयोजित हुई थी, जिसमें करीब 23 लाख छात्र शामिल हुए थे। परीक्षा में गड़बड़ी की शिकायत मिलने के बाद 12 मई को परीक्षा रद्द कर दी गई थी। अब 21 जून को दोबारा परीक्षा आयोजित की जाएगी।