प्रदेश के सभी जिलों में शुरू होगी डायल-112 सेवा, 400 नए वाहन होंगे रवाना
हर जिले को मिलेगी मोबाइल फॉरेंसिक यूनिट की सुविधा
नेतानार में जन सुविधा केंद्र का उद्घाटन, जगदलपुर में सुरक्षा और विकास पर समीक्षा बैठक
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 17 से 19 मई तक छत्तीसगढ़ के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान उनका फोकस बस्तर में सुरक्षा व्यवस्था, विकास कार्यों की समीक्षा और जनसुविधाओं के विस्तार पर रहेगा। दौरे में डायल-112 सेवा के राज्यव्यापी विस्तार, मोबाइल फॉरेंसिक यूनिट्स की शुरुआत, नेतानार में जन सुविधा केंद्र के उद्घाटन और जगदलपुर में उच्चस्तरीय बैठकों का कार्यक्रम तय किया गया है।
रायपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरा रविवार से शुरू हो रहा है। इस दौरान वे रायपुर और बस्तर संभाग में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे। सुरक्षा व्यवस्था को आधुनिक बनाने, अपराध जांच प्रणाली को मजबूत करने और बस्तर में विकास कार्यों की समीक्षा इस दौरे का प्रमुख एजेंडा रहेगा।
रविवार रात रायपुर पहुंचेंगे शाह
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह रविवार शाम अहमदाबाद से विशेष विमान द्वारा रायपुर पहुंचेंगे। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर आगमन के बाद वे सीधे मेफेयर रिसॉर्ट जाएंगे, जहां रात्रि विश्राम करेंगे। उनके दौरे को लेकर राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। एयरपोर्ट से लेकर कार्यक्रम स्थलों तक पुलिस और प्रशासन हाई अलर्ट पर रहेगा।
डायल-112 सेवा का होगा विस्तार
18 मई की सुबह अमित शाह राजधानी स्थित पुलिस ट्रेनिंग स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां वे डायल-112 सेवा के लिए शामिल किए गए 400 नए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
राज्य सरकार के अनुसार अब तक यह सेवा 16 जिलों तक सीमित थी, लेकिन नई व्यवस्था लागू होने के बाद प्रदेश के सभी जिलों और थानों तक इसकी पहुंच सुनिश्चित की जाएगी। इससे आपात स्थिति में पुलिस सहायता पहले से अधिक तेज और प्रभावी हो सकेगी।
हर जिले में पहुंचेगी मोबाइल फॉरेंसिक यूनिट
दौरे के दौरान अपराध जांच प्रणाली को तकनीकी रूप से मजबूत करने की दिशा में भी बड़ा कदम उठाया जाएगा। प्रदेश के सभी 33 जिलों के लिए आधुनिक सुविधाओं से लैस मोबाइल फॉरेंसिक यूनिट्स रवाना की जाएंगी।
इन वाहनों में अत्याधुनिक वैज्ञानिक उपकरण लगाए गए हैं, जिनकी मदद से घटनास्थल पर ही प्रारंभिक जांच संभव हो सकेगी। इससे अपराधों की विवेचना में तेजी आने के साथ जांच की गुणवत्ता में भी सुधार होगा।
रायपुर से सीधे बस्तर जाएंगे
रायपुर कार्यक्रम के बाद अमित शाह विशेष विमान से जगदलपुर रवाना होंगे। वहां से हेलीकॉप्टर के जरिए वे बस्तर जिले के नेतानार पहुंचेंगे, जहां जन सुविधा केंद्र का उद्घाटन करेंगे।
यह केंद्र ग्रामीणों को प्रशासनिक और सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाएगा। बस्तर क्षेत्र में विकास और जनसुविधाओं को बढ़ावा देने के लिहाज से इस कार्यक्रम को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
अमर वाटिका में शहीदों को श्रद्धांजलि
नेतानार कार्यक्रम के बाद केंद्रीय गृहमंत्री जगदलपुर स्थित अमर वाटिका पहुंचेंगे और नक्सल विरोधी अभियानों में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसे सुरक्षा बलों के मनोबल से जोड़कर भी देखा जा रहा है।
विकास और सुरक्षा पर होगी समीक्षा
इसके बाद अमित शाह अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। बादल एकेडमी में आयोजित समीक्षा बैठक में बस्तर क्षेत्र के विकास कार्यों, सुरक्षा अभियानों और जनकल्याण योजनाओं पर चर्चा की जाएगी।
विभिन्न विभागों की ओर से सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, कनेक्टिविटी, सुरक्षा और पुनर्वास योजनाओं पर विस्तृत प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी। माना जा रहा है कि इस दौरे में बस्तर के विकास और सुरक्षा रणनीति को लेकर कई अहम निर्णय लिए जा सकते हैं।