Oplus_131072
भिलाईनगर के सुपेला थाना क्षेत्र स्थित चंद्रा-मौर्या चौक पर रविवार दोपहर तेज रफ्तार कार ने रेड सिग्नल जंप करते हुए दो दोपहिया वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में 15 वर्षीय किशोर समेत दो लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल होकर ICU में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और भारी भीड़ जमा हो गई।
भिलाईनगर, 17 मई 2026। सुपेला थाना क्षेत्र के व्यस्त चंद्रा-मौर्या चौक पर रविवार दोपहर करीब 2:45 बजे तेज रफ्तार कार ने कहर बरपा दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार चालक ने रेड सिग्नल की अनदेखी करते हुए तेजी से चौक पार करने की कोशिश की, तभी कार ने दो दोपहिया वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार कई फीट दूर जा गिरे।
दुर्घटना में 15 वर्षीय नूर खान और करीब 35 वर्षीय मनोहर गोनाडे की गंभीर चोटों के कारण मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सलीम नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और ICU में उपचार जारी है।
नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई नगर सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि मृतक नूर खान अपने मौसा सलीम के साथ दोपहिया वाहन से जा रहा था। उसी दौरान चौक से गुजर रहे मनोहर गोनाडे भी कार की चपेट में आ गए।
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद नूर खान और मनोहर गोनाडे को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त कार चला रहा सागर जायसवाल निवासी हाउसिंग बोर्ड भी हादसे में घायल हुआ है। कार के शीशे तोड़कर उसे बाहर निकाला गया, जिसके बाद उसका इलाज कराया जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कार काफी तेज रफ्तार में थी और चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। दुर्घटना के बाद चौक पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
सूचना मिलते ही सुपेला पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर जांच शुरू कर दी। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और रेड सिग्नल जंप हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है।