गतोरी फार्म हाउस में देर रात जुआ रेड, लाखों की नगदी और वाहन जब्त
सीएसपी सिविल लाइन व एसडीओपी कोटा की संयुक्त कार्रवाई, हाईप्रोफाइल जुआ फड़ ध्वस्त
फार्म हाउस में चल रहा था जुए का अड्डा, 40 लाख की संपत्ति जब्त
बिलासपुर पुलिस ने गतोरी स्थित वृंदावन ग्रीन फार्म हाउस में चल रहे जुए के बड़े अड्डे पर कार्रवाई करते हुए फार्म मालिक सहित आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। सीएसपी सिविल लाइन और एसडीओपी कोटा की संयुक्त टीम ने देर रात छापा मारकर मौके से लाखों रुपए की नगदी, मोबाइल फोन
बिलासपुर। जिले के गतोरी स्थित वृंदावन ग्रीन फार्म हाउस में चल रहे जुए के फड़ पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सीएसपी सिविल लाइन और एसडीओपी कोटा के नेतृत्व में संयुक्त पुलिस टीम ने दबिश देकर फार्म हाउस संचालक मनीष शर्मा सहित आठ लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से 3 लाख 80 हजार रुपए नकद, 11 मोबाइल फोन और पांच चारपहिया वाहन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 40 लाख रुपए आंकी गई है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि गतोरी स्थित फार्म हाउस में लंबे समय से जुए का खेल संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापा मारा। कार्रवाई के दौरान कई लोग जुआ खेलते पकड़े गए। पुलिस ने मौके पर मौजूद सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
गिरफ्तार आरोपियों में ओमनगर निवासी रोशन सिंह (38), राजीव गांधी चौक निवासी मुन्ना गोयल, दीनदयाल कॉलोनी मंगला निवासी विकास सिंह, विद्यानगर तारबहार निवासी मनीष शर्मा (42), नीरज शर्मा (42), सकरी निवासी दीपक अग्रवाल (37), तखतपुर निवासी चंद्रकिशन अग्रवाल तथा तिफरा निवासी मयंक सोनकर (20) शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट समेत गैर जमानती धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप की स्थिति रही।