करो या मरो मुकाबले में उतरेगी चेन्नई, जीत से हैदराबाद प्लेऑफ के करीब
चेपॉक में भिड़ेंगे CSK और SRH, दोनों टीमों की नजर अहम दो अंकों पर
गायकवाड बनाम कमिंस: IPL में आज हाईवोल्टेज मुकाबला
IPL 2026 में सोमवार को चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच बेहद अहम मुकाबला खेला जाएगा। चेपॉक स्टेडियम में होने वाली इस भिड़ंत में चेन्नई के लिए जीत किसी ‘करो या मरो’ मुकाबले से कम नहीं होगी, जबकि हैदराबाद की टीम जीत दर्ज कर प्लेऑफ की दहलीज तक पहुंचना चाहेगी।
चेन्नई (ए)। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 63वें मुकाबले में सोमवार शाम चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद की टीमें आमने-सामने होंगी। एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) में होने वाला यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मैच शाम 7:30 बजे शुरू होगा।
पॉइंट्स टेबल में फिलहाल चेन्नई छठे स्थान पर है, जबकि हैदराबाद तीसरे नंबर पर मौजूद है। ऐसे में पांच बार की चैंपियन चेन्नई के लिए यह मुकाबला करो या मरो जैसा बन गया है। पिछले मैच में लखनऊ से मिली हार के बाद ऋतुराज गायकवाड की टीम पर जीत का दबाव बढ़ गया है। दूसरी ओर पैट कमिंस की अगुआई वाली हैदराबाद टीम जीत के साथ प्लेऑफ में अपनी स्थिति लगभग मजबूत करना चाहेगी।
दोनों टीमों के बीच अब तक IPL में 23 मुकाबले खेले जा चुके हैं। इनमें चेन्नई ने 15 मैचों में जीत दर्ज की है, जबकि हैदराबाद को 8 मुकाबलों में सफलता मिली है। हालांकि इस सीजन दोनों टीमों की पहली भिड़ंत में सनराइजर्स ने बाजी मारी थी।
चेन्नई का इस सीजन प्रदर्शन उतार-चढ़ाव भरा रहा है। शुरुआती लगातार हार के बाद टीम ने शानदार वापसी करते हुए खुद को प्लेऑफ की दौड़ में बनाए रखा। टीम के 12 मैचों में 6 जीत और 6 हार के साथ 12 अंक हैं। बल्लेबाजी में संजू सैमसन ने सबसे ज्यादा 450 रन बनाए हैं, जबकि अंशुल कंबोज 19 विकेट लेकर गेंदबाजी में सबसे सफल रहे हैं।
वहीं हैदराबाद ने 12 में से 7 मुकाबले जीतकर 14 अंक हासिल किए हैं। हालांकि पिछले मैच में गुजरात के खिलाफ टीम की बल्लेबाजी पूरी तरह फ्लॉप रही और पूरी टीम महज 86 रन पर सिमट गई थी। इसके बावजूद टीम का आत्मविश्वास मजबूत माना जा रहा है। हेनरिक क्लासन 508 रन बनाकर टीम के सबसे सफल बल्लेबाज हैं, जबकि ईशान मलिंगा 16 विकेट लेकर गेंदबाजी में आगे हैं।
चेपॉक की पिच इस सीजन बल्लेबाजों के लिए मददगार साबित हुई है। यहां अब तक खेले गए मुकाबलों में 200 से ज्यादा के स्कोर देखने को मिले हैं। हालांकि स्पिन गेंदबाजों को भी कुछ मौकों पर टर्न और ग्रिप मिली है। आंकड़ों के अनुसार इस मैदान पर चेज करने वाली टीमों को ज्यादा सफलता मिली है, इसलिए टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी चुन सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक मैच के दौरान गर्मी और उमस बनी रहेगी। शाम के समय हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना भी जताई गई है।