सुरक्षा और विकास एजेंडे के साथ बस्तर पहुंचे शाह, आज मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक
बस्तर में जनसुविधाओं पर फोकस, अमित शाह ने पुलिस रिस्पॉन्स सिस्टम को दी नई ताकत
गुंडाधुर की धरती से शाह का संदेश, सुरक्षा कैंप अब बनेंगे सुविधा केंद्र
केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah अपने दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे के दौरान सुरक्षा और विकास से जुड़े कई अहम कार्यक्रमों में शामिल हुए। रायपुर में डायल-112 के 400 नए वाहनों को हरी झंडी दिखाने के बाद वे बस्तर रवाना हुए, जहां नेतानार में जन सुविधा केंद्र का शुभारंभ और मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक उनके दौरे का प्रमुख केंद्र रहेगा।
रायपुर/जगदलपुर। केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah ने रविवार को रायपुर स्थित पुलिस ट्रेनिंग सेंटर (PTS) में डायल-112 सेवा के विस्तार की शुरुआत करते हुए 400 नए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही राज्य में आपातकालीन पुलिस सहायता व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
कार्यक्रम के बाद शाह सीधे बस्तर के लिए रवाना हो गए। जगदलपुर पहुंचने पर वे सबसे पहले अमर वाटिका जाकर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देंगे। इसके बाद वे वीर शहीद गुंडाधुर के गांव नेतानार पहुंचकर जन सुविधा केंद्र का उद्घाटन करेंगे। इस केंद्र के जरिए स्थानीय ग्रामीणों को प्रशासनिक और सरकारी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने की योजना है।
राज्य सरकार के अनुसार अब तक सीमित जिलों में संचालित डायल-112 सेवा को पूरे प्रदेश में लागू किया जा रहा है। नई व्यवस्था के तहत प्रदेश के सभी थानों को इस नेटवर्क से जोड़ा जाएगा, जिससे आपात स्थिति में पुलिस सहायता तेजी से उपलब्ध हो सकेगी।
दौरे के दौरान राज्य सरकार सभी 33 जिलों के लिए आधुनिक मोबाइल फॉरेंसिक यूनिट्स की भी शुरुआत करेगी। इन वाहनों में अत्याधुनिक वैज्ञानिक जांच उपकरण लगाए गए हैं, जिनकी मदद से घटनास्थल पर ही शुरुआती जांच संभव होगी। इससे अपराध अनुसंधान में तेजी और सटीकता आने की उम्मीद जताई जा रही है।
जगदलपुर में शाह अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ विकास कार्यों, सुरक्षा अभियानों और जनकल्याण योजनाओं की समीक्षा भी करेंगे। बादल अकादमी में आयोजित बैठकों में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, कनेक्टिविटी और पुनर्वास जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है।
शाम को वे भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे और ‘बस्तर के संग’ लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इस कार्यक्रम में बस्तर की पारंपरिक लोक कला और संस्कृति की प्रस्तुति दी जाएगी।
सोमवार को जगदलपुर में मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक आयोजित होगी, जिसकी अध्यक्षता अमित शाह करेंगे। बैठक में छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तथा वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। बैठक में क्षेत्रीय विकास, अंतरराज्यीय समन्वय, सुरक्षा व्यवस्था और नक्सल प्रभावित इलाकों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी।
इस बीच कांग्रेस ने बैठक को लेकर सवाल उठाए हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष Deepak Baij ने कहा कि बैठक वर्चुअल माध्यम से भी आयोजित की जा सकती थी, जिससे सरकारी खर्च और ईंधन की बचत होती।
उधर, प्रदेश के उपमुख्यमंत्री Vijay Sharma ने कहा कि बस्तर अब तेजी से नक्सलवाद से मुक्त हो रहा है और सुरक्षा कैंपों को भविष्य में जनसुविधा केंद्रों के रूप में विकसित किया जाएगा। नेतानार से इसकी शुरुआत की जा रही है।
अमित शाह के इस दौरे को बस्तर में सुरक्षा और विकास के संतुलन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है, जिस पर राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों स्तरों पर नजर बनी हुई है।