दुर्ग में मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप, लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला
सड़क हादसे के बाद दो गुट भिड़े, बीच-बचाव कर रहे राहगीर को भी पीटा
CCTV में कैद गुंडागर्दी, राहगीर गंभीर; लूटपाट का भी आरोप
दुर्ग के पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में बाइक की मामूली टक्कर के बाद दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि कुछ युवकों ने इंजीनियरिंग छात्रों पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। इस दौरान वहां से गुजर रहे एक राहगीर को भी बेरहमी से पीटा गया, जिसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
दुर्ग-भिलाई। शहर के पद्मनाभपुर इलाके में देर रात सड़क पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बाइक की मामूली टक्कर के बाद दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। घटना में इंजीनियरिंग कॉलेज के कई छात्र घायल हुए हैं, जबकि बीच रास्ते से गुजर रहे एक राहगीर को भी हमलावरों ने नहीं छोड़ा। गंभीर रूप से घायल राहगीर को अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार घटना 14 मई की रात करीब 11:30 बजे की है। रूंगटा कॉलेज भिलाई में बीटेक की पढ़ाई कर रहे छात्र मुकेश कौशिक अपने दोस्तों के साथ बिरयानी खाकर लौट रहे थे। इसी दौरान पद्मनाभपुर स्थित मेगा मार्ट के पास उनकी बाइक की दूसरी मोटरसाइकिल से टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि दूसरी बाइक लोकेश्वर साहू चला रहा था।
टक्कर के बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई। आरोप है कि लोकेश्वर साहू और उसके साथी रितेंद्र यादव ने अपने अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद युवकों ने इंजीनियरिंग छात्रों पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। मारपीट में राजा बिस्वास, अविनाश उत्कर्ष सिंह, पंकज कौशिक और आकाश केवट समेत कई छात्र घायल हो गए।
घटना के दौरान सड़क से गुजर रहे केलाबाड़ी निवासी शकील खान भी विवाद की चपेट में आ गए। आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें भी बेरहमी से पीटा, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। शकील खान को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां हालत नाजुक होने पर उन्हें आईसीयू में रखा गया है।
शकील खान के परिजनों ने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान हमलावरों ने उनसे नगद रकम और करीब दो तोले की सोने की चेन भी लूट ली। हालांकि इस मामले में अब तक अलग से एफआईआर दर्ज नहीं होने पर परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
वहीं दूसरे पक्ष की ओर से भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। लोकेश्वर साहू ने अपने बयान में कहा कि बाइक टक्कर के बाद दूसरे पक्ष के लोगों ने गाली-गलौज और मारपीट शुरू की थी। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है।