मौसम विभाग का येलो अलर्ट जारी, दोपहर में लू के थपेड़ों से सतर्क रहने की सलाह
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में आने वाले दो दिन लोगों पर भारी पड़ सकते हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 19 और 20 मई को भीषण गर्मी और हीट वेव की चेतावनी जारी करते हुए येलो अलर्ट घोषित किया है। अनुमान है कि तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है।
नई दिल्ली (ए)। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार आगामी दो दिनों में राजधानी का तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग ने 19 और 20 मई के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के अनुसार 18 मई को अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दिनभर तेज सतही हवाएं चल सकती हैं, हालांकि इस दिन किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है।
19 मई से गर्मी का असर और अधिक तेज होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इस दौरान दिन और शाम दोनों समय लू चलने की आशंका है। तेज गर्म हवाओं के कारण लोगों को घर से बाहर निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
20 मई को भी गर्मी से राहत मिलने के संकेत नहीं हैं। विभाग ने इस दिन भी हीट वेव की स्थिति बने रहने की चेतावनी दी है। अनुमान के मुताबिक अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
हालांकि 21 और 22 मई को तापमान में हल्की गिरावट दर्ज होने की संभावना है। इन दिनों अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है, लेकिन तेज गर्म हवाएं चलती रहेंगी।
भीषण गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। खासकर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने को कहा गया है। डॉक्टरों के अनुसार शरीर में पानी की कमी से बचने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी, ओआरएस और अन्य तरल पदार्थों का सेवन जरूरी है।
मौसम विभाग ने धूप में निकलते समय सिर ढकने, हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने और लंबे समय तक सीधे सूर्य के संपर्क से बचने की सलाह दी है। लगातार बढ़ती गर्मी के कारण आने वाले दिनों में एनसीआर में जनजीवन पर व्यापक असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।