400 अत्याधुनिक इमरजेंसी वाहन और चलित फॉरेंसिक लैब को मिलेगी नई जिम्मेदारी, दो दिवसीय दौरे पर कई अहम कार्यक्रमों में शामिल होंगे शाह
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री Amit Shah छत्तीसगढ़ में आपातकालीन सेवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रहे हैं। रायपुर में नेक्स्ट जेन सीजी डायल-112 इंटीग्रेटेड इमरजेंसी रिस्पॉन्स सिस्टम और 400 अत्याधुनिक इमरजेंसी वाहनों का शुभारंभ किया जाएगा। इसके साथ ही चलित फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी को भी जनता और पुलिस सेवा के लिए समर्पित किया जाएगा।
रायपुर। छत्तीसगढ़ में कानून-व्यवस्था और आपातकालीन सहायता सेवाओं को नई तकनीकी ताकत मिलने जा रही है। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री Amit Shah अपने दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान नेक्स्ट जेन सीजी डायल-112 इंटीग्रेटेड इमरजेंसी रिस्पॉन्स सपोर्ट सिस्टम (ERSS 2.0) का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर 400 अत्याधुनिक डायल-112 वाहन और आधुनिक चलित फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री Vijay Sharma ने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और सुव्यवस्थित तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
नई डायल-112 सेवा को राज्य में तकनीक आधारित सुशासन की दिशा में अहम पहल माना जा रहा है। इसके जरिए पुलिस, फायर ब्रिगेड, मेडिकल इमरजेंसी, महिला हेल्पलाइन, चाइल्ड हेल्पलाइन, आपदा प्रबंधन और हाईवे इमरजेंसी जैसी सेवाओं को एकीकृत मंच पर उपलब्ध कराया जाएगा। इससे संकट की स्थिति में नागरिकों को तेज और समन्वित सहायता मिल सकेगी।
उन्नत प्रणाली में केंद्रीकृत कमांड एवं कंट्रोल सेंटर, जीपीएस आधारित इमरजेंसी वाहन, जीआईएस आधारित रियल टाइम मॉनिटरिंग, ऑटोमेटिक कॉल लोकेशन सिस्टम और तकनीक आधारित डिस्पैच मैनेजमेंट जैसी आधुनिक सुविधाएं शामिल की गई हैं। नई व्यवस्था अपराध नियंत्रण, महिला एवं बाल सुरक्षा, सड़क दुर्घटना सहायता और आपदा प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाएगी।
वर्ष 2018 से संचालित डायल-112 सेवा अब तक लाखों लोगों को आपात सहायता उपलब्ध करा चुकी है। पहले यह सेवा केवल 16 जिलों तक सीमित थी, लेकिन अब इसे राज्य के सभी 33 जिलों तक विस्तारित किया जा रहा है।
अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान गृह मंत्री Amit Shah कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। 18 मई की सुबह रायपुर पुलिस ट्रेनिंग स्कूल के परेड ग्राउंड से नए डायल-112 वाहनों को रवाना करने के बाद वे बस्तर के नेतानार पहुंचेंगे, जहां जन सुविधा केंद्र का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद जगदलपुर में अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और बादल अकादमी में शहीद परिवारों, सुरक्षा बलों, नक्सल पीड़ितों तथा समाज के विभिन्न प्रतिनिधियों से संवाद करेंगे। शाम को आयोजित ‘बस्तर के संग’ लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम में भी वे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
दौरे के दूसरे दिन 19 मई को जगदलपुर में आयोजित उच्च स्तरीय बैठकों और कार्यक्रमों के माध्यम से सुरक्षा, प्रशासन और विकास से जुड़े विषयों पर व्यापक चर्चा की जाएगी। गृह मंत्री का यह दौरा राज्य में सुरक्षा व्यवस्था के आधुनिकीकरण और जनसुविधाओं के विस्तार की दिशा में बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।