बेमेतरा के स्कूल में पदस्थ PTI ने हाथ से तैयार प्रश्न पत्र कांग्रेस नेता को सौंपा, पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी
रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की 12वीं बोर्ड परीक्षा के हिंदी प्रश्न पत्र लीक मामले में रायपुर कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें बेमेतरा जिले के एक शासकीय स्कूल में पदस्थ PTI शिक्षक जवाहर लाल कुर्रे और विकास सेन शामिल हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि PTI शिक्षक ने हाथ से लिखकर तैयार किया गया हिंदी प्रश्न पत्र 3 हजार रुपए में NSUI नेता वेणु कुमार जंघेल को उपलब्ध कराया था। इसके बाद प्रश्न पत्र सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए तेजी से वायरल हुआ।
कोतवाली पुलिस के मुताबिक, माध्यमिक शिक्षा मंडल की शिकायत पर 17 मार्च 2026 को मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने पेपर लीक कांड के कथित मास्टरमाइंड और NSUI नेता वेणु कुमार जंघेल को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि प्रश्न पत्र उसे बेमेतरा जिले के ग्राम बोरतरा स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल में पदस्थ PTI शिक्षक जवाहर लाल कुर्रे ने दिया था।
पुलिस के अनुसार, प्रश्न पत्र हाथ से लिखा गया था और उसे मोबाइल के जरिए शेयर किया गया। पेपर लेने के दौरान विकास सेन भी मौके पर मौजूद था। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
जांच में यह भी सामने आया है कि 13 मार्च की रात परीक्षा से करीब 10 घंटे पहले टेलीग्राम ग्रुप में हिंदी पेपर की तस्वीरें वायरल हुई थीं। मैसेज के साथ “CG Board 2026 Real Question Paper” लिखा गया था। देखते ही देखते यह प्रश्न पत्र हजारों छात्रों तक पहुंच गया। वायरल इमेज में दो पन्नों पर कुल 15 सवाल लिखे थे, जिनकी शैली असली बोर्ड प्रश्न पत्र जैसी बताई जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। बेमेतरा जिले के परीक्षा केंद्र प्रभारी और एग्जाम कंट्रोलर की भूमिका भी जांच के घेरे में आ गई है। शुरुआती जांच में लापरवाही और संभावित मिलीभगत के संकेत मिलने के बाद संबंधित अधिकारियों से भी पूछताछ की तैयारी की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पेपर लीक नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है और आने वाले दिनों में इस मामले में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।