व्हाट्सएप पर निवेश सलाहकार बनकर किया संपर्क, प्रीमियम आईपीओ दिलाने का लालच देकर रकम ऐंठी; पैसे जमा होते ही बंद हुए मोबाइल और ट्रेडिंग एप
रायपुर में साइबर ठगों ने शेयर बाजार और आईपीओ में भारी मुनाफे का लालच देकर एक कारोबारी समेत पांच लोगों से 84.63 लाख रुपए की ठगी कर ली। आरोपियों ने खुद को निवेश विशेषज्ञ बताकर पहले भरोसा जीता, फिर प्रीमियम आईपीओ में निवेश के नाम पर अलग-अलग खातों में रकम जमा करवाई। पैसे मिलने के बाद सभी संपर्क माध्यम बंद कर दिए गए।
रायपुर। राजधानी में ऑनलाइन निवेश के नाम पर बड़ी साइबर ठगी का मामला सामने आया है। शेयर बाजार में मोटे मुनाफे और कम कीमत पर प्रीमियम आईपीओ उपलब्ध कराने का झांसा देकर ठगों ने एक कारोबारी सहित पांच लोगों से 84.63 लाख रुपए ऐंठ लिए। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस और साइबर सेल ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-1 देवेंद्र नगर निवासी अविनाश लोखंडे शेयर बाजार से जुड़ी एक ब्रोकिंग फर्म का संचालन करते हैं। उन्होंने शिकायत में बताया कि जून 2025 में कुछ अज्ञात लोगों ने व्हाट्सएप के जरिए उनसे संपर्क किया। आरोपियों ने खुद को निवेश सलाहकार बताते हुए शेयर ट्रेडिंग और आईपीओ में कम समय में अधिक रिटर्न दिलाने का दावा किया।
पहले दिखाया मुनाफा, फिर बढ़वाया निवेश
शिकायत के मुताबिक आरोपियों ने अविनाश लोखंडे को एक ऑनलाइन ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म पर खाता खुलवाया। शुरुआती दौर में सामान्य ट्रेडिंग के जरिए उन्हें लाभ दिखाया गया, जिससे उनका विश्वास बढ़ गया। इसके बाद ठगों ने प्रीमियम आईपीओ कम कीमत पर उपलब्ध कराने का लालच देते हुए अधिक रकम निवेश करने के लिए प्रेरित किया।
पांच लोगों से जुटाई गई लाखों की रकम
अविनाश लोखंडे के अलावा उनके परिचित अमित अग्रवाल, अशोक वर्मा, सौरभ अग्रवाल और श्याम सुंदर अग्रवाल ने भी निवेश करने की सहमति दी। आरोपियों के निर्देश पर सभी ने विभिन्न बैंक खातों में आरटीजीएस के माध्यम से कुल 84.63 लाख रुपए जमा करा दिए।
रकम जमा होते ही गायब हुए ठग
निवेशकों का आरोप है कि रकम जमा करने के बाद न तो किसी आईपीओ का आवंटन मिला और न ही निवेश की गई राशि वापस की गई। जब उन्होंने आरोपियों से संपर्क करने की कोशिश की तो सभी मोबाइल नंबर बंद मिले। जिस ऑनलाइन ट्रेडिंग एप के जरिए निवेश कराया जा रहा था, वह भी अचानक निष्क्रिय हो गया। इसके बाद पीड़ितों को अपने साथ ठगी होने का एहसास हुआ।
साइबर सेल कर रही जांच
कारोबारी की शिकायत पर देवेंद्र नगर थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है। साइबर सेल और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम बैंक खातों, मोबाइल नंबरों तथा ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से जुड़े तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ठगी के पीछे कौन-सा गिरोह सक्रिय है और रकम किन खातों में ट्रांसफर की गई।
पुलिस की अपील
पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में आकर निवेश न करें। शेयर बाजार या आईपीओ में निवेश केवल अधिकृत और विश्वसनीय प्लेटफॉर्म के माध्यम से ही करें तथा किसी भी संदिग्ध निवेश प्रस्ताव की जानकारी तत्काल साइबर हेल्पलाइन या पुलिस को दें।