खुर्सीपार में 50 जवानों ने चलाया सर्च ऑपरेशन, तलवारें और संदिग्ध वाहन भी बरामद; अवैध कब्जों पर चला बुलडोजर
भिलाई के खुर्सीपार थाना क्षेत्र स्थित देवार पारा बस्ती में दुर्ग पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। विशेष सर्च अभियान के दौरान पुलिस ने करीब 12 किलो गांजा, 62 पौआ अवैध शराब और धारदार हथियार बरामद किए। वहीं नशे के कारोबार से जुड़े संदिग्ध ठिकानों और अवैध कब्जों पर प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर कार्रवाई की।
भिलाई। नशे और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस ने बुधवार को खुर्सीपार थाना क्षेत्र के देवार पारा बस्ती में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया। करीब 50 पुलिसकर्मियों की टीम ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर घरों, खाली स्थानों और संदिग्ध ठिकानों की तलाशी ली, जिसमें भारी मात्रा में गांजा, अवैध शराब और धारदार हथियार बरामद किए गए।
पुलिस को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि बस्ती में अवैध रूप से गांजे की बिक्री और नशे से जुड़े अन्य कारोबार संचालित किए जा रहे हैं। इसी आधार पर विशेष अभियान चलाया गया। तलाशी के दौरान पुलिस ने लगभग 10 से 12 किलोग्राम गांजा जब्त किया। साथ ही गांजे की पुड़िया तैयार करने में उपयोग किए जाने वाले प्लास्टिक रैपर के कई पैकेट भी बरामद किए गए।

छत, टॉयलेट और कबाड़ में छिपाकर रखा था सामान
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी मादक पदार्थ और अन्य अवैध सामग्री को कबाड़ के बोरों, खंडहरनुमा भवनों, मकानों की छतों तथा टॉयलेट जैसी जगहों पर छिपाकर रखते थे। पुलिस टीमों ने अलग-अलग समूहों में बंटकर पूरे इलाके में गहन तलाशी अभियान चलाया और छिपाकर रखे गए सामान को बरामद किया।
62 पौआ शराब और धारदार हथियार जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 18 पौआ देसी सोले मसाला और 44 पौआ गोल्डन गोवा शराब सहित कुल 62 पौआ अवैध शराब जब्त की। इसके अलावा दो तलवार समेत अन्य धारदार हथियार भी बरामद किए गए। बस्ती में खड़े बिना नंबर वाले संदिग्ध दोपहिया वाहनों को भी जब्त कर उनकी जांच शुरू कर दी गई है।
अवैध कब्जों पर चला प्रशासन का बुलडोजर
अभियान के दौरान पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने उन स्थानों को भी चिन्हित किया, जहां नशे के कारोबार के संचालन की सूचना थी। ऐसे अवैध कब्जों और अस्थायी संरचनाओं को बुलडोजर की मदद से हटाया गया। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने की तैयारी
पुलिस का कहना है कि बरामद गांजा और शराब किसकी है तथा इसे किस उद्देश्य से छिपाकर रखा गया था, इसकी जांच की जा रही है। गांजा बरामदगी के मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। साथ ही नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान भी की जा रही है।