दूसरी और तीसरी मंजिल तक पहुंचीं लपटें, फायर ब्रिगेड की 15 गाड़ियां जुटीं; पानी की कमी बनी चुनौती
रायपुर। राजधानी रायपुर के एमजी रोड स्थित जया ऑटोमोबाइल शोरूम में गुरुवार सुबह लगी भीषण आग ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। सुबह करीब 10 बजे शुरू हुई आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और भवन की ऊपरी मंजिलों तक फैल गई। आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कई घंटों की मशक्कत के बाद भी दमकल कर्मी आग पर पूरी तरह काबू नहीं पा सके।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुकान खुलने के कुछ समय बाद ही अंदर से धुआं उठता दिखाई दिया। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि एमसीबी उठाने के दौरान विद्युत प्रणाली में खराबी आई, जिसके बाद आग भड़क गई।
ज्वलनशील सामान ने बढ़ाई आग की तीव्रता
शोरूम में बड़ी मात्रा में वाहनों के स्पेयर पार्ट्स, टायर, ट्यूब, प्लास्टिक सामग्री और लुब्रिकेंट्स का भंडारण किया गया था। इन ज्वलनशील वस्तुओं के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और कुछ ही समय में दूसरी तथा तीसरी मंजिल को अपनी चपेट में ले लिया।
जेसीबी से तोड़ी गई दीवार
आग की लपटों और धुएं के कारण दमकल कर्मियों को भवन के भीतर पहुंचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्थिति को देखते हुए जेसीबी मशीन की मदद से भवन की दीवार का हिस्सा तोड़ा गया, ताकि बचाव दल अंदर पहुंचकर आग बुझाने का कार्य कर सके।

पानी की कमी के बीच चला रेस्क्यू ऑपरेशन
आग बुझाने के लिए अब तक फायर ब्रिगेड की 15 गाड़ियों को लगाया जा चुका है। शहर में फिल्टर प्लांट के रखरखाव कार्य के कारण जलापूर्ति प्रभावित होने से दमकल विभाग को अतिरिक्त चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में तालाबों और अन्य जल स्रोतों से पानी लाकर आग बुझाने का प्रयास किया जा रहा है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नया रायपुर से भी अतिरिक्त दमकल वाहन बुलाए गए हैं।
नुकसान का आकलन जारी
घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन शोरूम में रखे लाखों रुपये के सामान के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। आग पर पूरी तरह नियंत्रण मिलने के बाद ही वास्तविक नुकसान का आंकलन किया जा सकेगा। पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।