तेज बारिश और कम विजिबिलिटी बनी वजह, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, भूपेश बघेल और दीपक बैज समेत कई नेता थे सवार; ढाई घंटे की देरी से पहुंचे रायपुर
राजधानी रायपुर में गुरुवार रात खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण दिल्ली से आ रही इंडिगो की एक उड़ान को निर्धारित समय पर उतारा नहीं जा सका। विमान ने कुछ देर तक रायपुर के आसमान में चक्कर लगाए, लेकिन परिस्थितियां अनुकूल नहीं होने पर उसे नागपुर एयरपोर्ट डायवर्ट करना पड़ा। फ्लाइट में प्रदेश के कई वरिष्ठ राजनीतिक नेता सवार थे, जो मौसम सामान्य होने के बाद देर रात सुरक्षित रायपुर पहुंचे।
रायपुर। राजधानी रायपुर में गुरुवार रात खराब मौसम के चलते विमान सेवाएं प्रभावित हुईं। दिल्ली से रायपुर आ रही इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E-5138 को कम दृश्यता और लगातार हो रही बारिश के कारण रायपुर एयरपोर्ट पर लैंडिंग की अनुमति नहीं मिल सकी। इसके बाद विमान को नागपुर एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट किया गया, जहां सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।
इस उड़ान में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री रेणुका सिंह तथा भाजपा प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास सहित कई प्रमुख राजनीतिक हस्तियां सवार थीं।
जानकारी के अनुसार फ्लाइट गुरुवार शाम करीब 7:30 बजे दिल्ली से रवाना हुई थी और रात 8:55 बजे रायपुर पहुंचने वाली थी। हालांकि राजधानी में तेज बारिश और मौसम खराब होने के कारण एयरपोर्ट के आसपास दृश्यता काफी कम हो गई थी। पायलट ने विमान को सुरक्षित उतारने का प्रयास करते हुए कुछ समय तक रायपुर के आसमान में चक्कर लगाए, लेकिन मौसम में सुधार नहीं होने पर एहतियातन नागपुर डायवर्ट करने का निर्णय लिया गया।
नागपुर एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग के बाद यात्रियों को कुछ समय तक वहीं इंतजार करना पड़ा। मौसम सामान्य होने और विजिबिलिटी में सुधार आने के बाद विमान ने पुनः रायपुर के लिए उड़ान भरी। देर रात करीब 11:30 बजे सभी यात्री सुरक्षित रायपुर पहुंच गए।
एविएशन विशेषज्ञों के अनुसार विमान संचालन में यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होती है। खराब मौसम, तेज बारिश और कम दृश्यता की स्थिति में पायलट एवं एयर ट्रैफिक कंट्रोल द्वारा सुरक्षा मानकों के तहत वैकल्पिक एयरपोर्ट पर विमान उतारने का निर्णय लिया जाता है।
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और गरज-चमक का दौर जारी है, जिसके चलते हवाई सेवाओं सहित अन्य परिवहन व्यवस्थाओं पर भी असर पड़ रहा है।