नागपुर प्रदर्शन से पहले बढ़ी सियासी गर्मी, सुरक्षा के कड़े इंतजाम; CJP के सोशल मीडिया फॉलोअर्स में भी गिरावट
जयपुर में प्रदर्शन के दौरान हुए हमले के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़े लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। नागपुर में प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले राजनीतिक माहौल गरमा गया है, वहीं प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्ती बढ़ा दी है।
जयपुर में प्रदर्शन के दौरान हुए हमले के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और उसके संस्थापक अभिजीत दीपके एक बार फिर चर्चा में हैं। मंगलवार को नागपुर पहुंचने के बाद दीपके ने आरोप लगाया कि जयपुर में उन पर हुआ हमला सुनियोजित था और इसमें RSS से जुड़े लोगों की भूमिका रही है। हालांकि आरोपों पर संबंधित पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
दीपके ने कहा कि जो भी सरकार या उसकी विचारधारा के खिलाफ आवाज उठाता है, उसे ऐसे हालातों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला करार दिया।
गौरतलब है कि सोमवार को जयपुर में आयोजित प्रदर्शन के दौरान समर्थकों के कंधों पर बैठे दीपके के पास कुछ युवक पहुंचे और कथित तौर पर उनके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की। घटना के बाद मौके पर तनाव की स्थिति बन गई और नाराज कार्यकर्ताओं ने कथित हमलावरों को घेर लिया। पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया।
मामले में पुलिस ने पांच लोगों को शांतिभंग के आरोप में हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपियों ने सोशल मीडिया पर दीपके के बयानों और पार्टी की गतिविधियों से असहमति जताई थी।
इधर नागपुर में CJP के प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस के अनुसार प्रदर्शन में बड़ी संख्या में युवाओं के शामिल होने की संभावना है। शहरभर में वरिष्ठ अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है और दंगा नियंत्रण टीमों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।
इस बीच सोशल मीडिया पर भी पार्टी की गतिविधियों को लेकर हलचल बनी हुई है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार CJP के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फॉलोअर्स की संख्या में कमी दर्ज की गई है, जिससे राजनीतिक और डिजिटल दोनों स्तरों पर चर्चा तेज हो गई है।