केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर विशेष आयोजन, आयुष्मान, पीएम आवास, पीएम स्वनिधि समेत कई योजनाओं के पंजीयन और समस्याओं का होगा समाधान
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर रायपुर जिले में आम नागरिकों को जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए 18 से 20 जून तक विशेष पंजीकरण शिविर आयोजित किए जाएंगे। तीन दिवसीय इन शिविरों में विभिन्न योजनाओं के नए पंजीयन, त्रुटि सुधार और लंबित मामलों का मौके पर ही समाधान किया जाएगा।
रायपुर। आम लोगों तक केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंचाने के उद्देश्य से रायपुर जिले में तीन दिवसीय वृहद पंजीकरण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देशानुसार 18 से 20 जून तक जिले के विभिन्न विकासखंडों और राजस्व अनुभाग स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे।
जिला प्रशासन के अनुसार इन शिविरों में नागरिकों को आयुष्मान भारत योजना, आयुष्मान वय वंदना, पीएम सूर्यघर योजना, पीएम स्वनिधि, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना सहित विभिन्न पेंशन योजनाओं से जोड़ा जाएगा। इसके अलावा नए पंजीयन, दस्तावेजों में त्रुटि सुधार तथा लंबित आवेदनों से संबंधित समस्याओं का मौके पर समाधान किया जाएगा।
तिल्दा-नेवरा विकासखंड में 18 जून को नगर पालिका परिषद तिल्दा-नेवरा, 19 जून को शासकीय हाई स्कूल खपरीकला तथा 20 जून को सांस्कृतिक भवन खरोरा में शिविर आयोजित होंगे। इसी तरह आरंग, धरसींवा और अभनपुर विकासखंडों के विभिन्न केंद्रों पर भी नागरिकों को सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। सभी शिविर सुबह 11 बजे से प्रारंभ होंगे। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर योजनाओं का लाभ लें और अपनी पंजीयन संबंधी समस्याओं का समाधान कराएं।