सचिन पायलट करेंगे शुभारंभ, राहुल गांधी देंगे रणनीतिक मार्गदर्शन; गांवों में रहकर समझेंगे जमीनी हालात
आगामी चुनावी तैयारियों और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ कांग्रेस आज से 10 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर की शुरुआत करने जा रही है। अभनपुर में आयोजित इस शिविर में संगठनात्मक मजबूती, नेतृत्व विकास और जमीनी मुद्दों पर व्यापक मंथन होगा।
रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस संगठन सृजन अभियान के तहत नवनियुक्त जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्षों के लिए विशेष आवासीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित कर रही है। रायपुर जिले के अभनपुर स्थित आशुतोष-अलका अग्रवाल मंगल भवन, चांदी मोड़ में शुरू होने वाला यह प्रशिक्षण शिविर 20 से 29 जून तक चलेगा। पहले यह कार्यक्रम 21 से 30 जून तक प्रस्तावित था, जिसे बाद में संशोधित किया गया। प्रशिक्षण शिविर के पहले दिन प्रदेश प्रभारी Sachin Pilot जिला अध्यक्षों को संबोधित करेंगे। वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता Rahul Gandhi भी शिविर में शामिल होकर संगठनात्मक रणनीति और भविष्य की कार्ययोजना को लेकर मार्गदर्शन देंगे।
शिविर को केवल प्रशिक्षण कक्ष तक सीमित नहीं रखा गया है। कांग्रेस नेताओं को गांवों में रुककर स्थानीय परिस्थितियों का अध्ययन करने, ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित करने और जमीनी मुद्दों की वास्तविक स्थिति समझने की जिम्मेदारी भी दी गई है। इस दौरान मनरेगा, ग्रामीण अर्थव्यवस्था, सामाजिक चुनौतियों और नशे के बढ़ते प्रभाव जैसे विषयों पर विशेष चर्चा होगी।
प्रशिक्षण की शुरुआत झंडावंदन के साथ की जाएगी। कार्यक्रम में अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के लिए योग, मार्शल आर्ट्स और व्यक्तित्व विकास से जुड़े सत्र भी शामिल किए गए हैं। इसके अलावा संगठन प्रबंधन, जनसंपर्क, मीडिया प्रबंधन और राजनीतिक रणनीति पर विशेषज्ञ प्रशिक्षण देंगे।
शिविर के दौरान जिलावार राजनीतिक हालात, संगठन की मजबूती और कमजोरियों, स्थानीय मुद्दों तथा आगामी चुनावी चुनौतियों पर विस्तार से मंथन किया जाएगा। जिला अध्यक्षों से क्षेत्रवार रिपोर्ट भी ली जाएगी, जिससे भविष्य की रणनीति तैयार करने में मदद मिलेगी। कांग्रेस इस प्रशिक्षण शिविर को संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय करने और चुनावी तैयारियों को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम के रूप में देख रही है।