किराए का मकान लेकर करते थे रेकी, सुबह अकेली महिलाओं को बनाते थे निशाना; तीन आरोपी अब भी फरार
बिलासपुर पुलिस ने महिलाओं को निशाना बनाकर चेन स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। ओडिशा से आए आरोपी शहर में किराए पर रहकर रेकी करते थे और सुनियोजित तरीके से वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस ने गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन आरोपी अभी फरार हैं।
बिलासपुर। शहर में लगातार हो रही चेन स्नैचिंग की घटनाओं के बीच पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। महिलाओं को निशाना बनाकर सोने की चेन लूटने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह के छह सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ओडिशा के रहने वाले हैं और वारदात को अंजाम देने से पहले शहर में किराए का मकान लेकर योजनाबद्ध तरीके से रेकी करते थे।
एसएसपी रजनेश सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पिछले कुछ दिनों से शहर में एक बाइकर्स गिरोह सक्रिय था, जो सुबह के समय अकेली महिलाओं को निशाना बनाकर चेन स्नैचिंग और लूट की घटनाओं को अंजाम दे रहा था। गिरोह ने शहर के अलग-अलग इलाकों में लगातार तीन वारदातों को अंजाम दिया था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों का नेटवर्क केवल बिलासपुर तक सीमित नहीं था। गिरोह के सदस्य अलग-अलग राज्यों में जाकर स्थानीय संपर्कों की मदद से ठिकाना बनाते थे और फिर महिलाओं को निशाना बनाकर इसी तरह की वारदातों को अंजाम देते थे।
सीसीटीवी फुटेज से खुला राज
घटनाओं के बाद पुलिस ने आसपास लगे कई सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान बिना नंबर वाली एक संदिग्ध स्कूटी नजर आई। वहीं सिरगिट्टी और तोरवा थाना क्षेत्र में हुई वारदातों के फुटेज का मिलान करने पर एक ही गिरोह के सक्रिय होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
रेकी के बाद बनाते थे शिकार
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी उन महिलाओं पर नजर रखते थे जो सुबह टहलने निकलती थीं, घर के बाहर सफाई करती थीं या अकेली रहती थीं। पहले इलाके की रेकी की जाती थी, फिर दिनचर्या पर नजर रखी जाती थी और मौका मिलते ही बिना नंबर की स्कूटी से पहुंचकर झपट्टा मारकर फरार हो जाते थे।
स्थानीय युवक दे रहा था मदद
जांच के दौरान पुलिस स्थानीय सहयोगी नवीन साहू तक पहुंची। पूछताछ में उसने बताया कि उसने अपने ओडिशा निवासी साथियों को बिलासपुर बुलाया था और उन्हें अपने घर में ठहराने के साथ स्थानीय स्तर पर सहयोग भी कर रहा था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ लूट, चेन स्नैचिंग, संगठित अपराध और आपराधिक षड्यंत्र की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर की सफेद स्कूटी भी जब्त कर ली गई है। फिलहाल गिरोह के तीन फरार सदस्यों की तलाश जारी है।
पुलिस की जांच जारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरोह के अन्य राज्यों में सक्रिय नेटवर्क और पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। मामले में आने वाले दिनों में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।