निर्माण कार्य की धीमी रफ्तार पर ठेकेदार को फटकार, 10 जुलाई तक प्लांट शुरू करने का दावा
रायपुर के महाराजबंध तालाब में निर्माणाधीन सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) की धीमी प्रगति पर नगर निगम ने कड़ा रुख अपनाया है। निरीक्षण के दौरान कार्य संतोषजनक नहीं मिलने पर ठेकेदार कंपनी को चेतावनी देते हुए स्पष्ट कर दिया गया है कि तय समय सीमा में काम पूरा नहीं होने पर भुगतान रोकने की कार्रवाई की जाएगी।
रायपुर। शहर के जल संरक्षण और सीवरेज प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण महाराजबंध एसटीपी प्रोजेक्ट में निर्माण कार्य की सुस्त रफ्तार को लेकर नगर निगम ने सख्ती दिखाई है। निगम अधिकारियों ने परियोजना स्थल का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की समीक्षा की, जहां प्रगति अपेक्षा के अनुरूप नहीं मिलने पर ठेकेदार कंपनी को कड़ी फटकार लगाई गई।
नगर निगम की ओर से रायपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के माध्यम से महाराजबंध तालाब परिसर में निर्माणाधीन 3 एमएलडी क्षमता वाले सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि कार्य की गति निर्धारित मानकों की तुलना में काफी धीमी है।
इस पर निर्माण एजेंसी समृद्धि वाटर वर्क्स प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधियों को अतिरिक्त श्रमिकों की तैनाती कर काम में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि परियोजना की समयसीमा में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान ठेकेदार कंपनी ने दावा किया कि निर्माण कार्य 10 जुलाई 2026 तक पूरा कर प्लांट को चालू कर दिया जाएगा। इस पर निगम अधिकारियों ने दो टूक कहा कि निर्धारित अवधि के भीतर काम पूरा नहीं होने की स्थिति में संबंधित ठेकेदार के भुगतान पर रोक लगाने की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही स्मार्ट सिटी के अधिकारियों को भी निर्देश दिए गए हैं कि परियोजना की नियमित निगरानी करते हुए कार्य को तय समयसीमा के भीतर पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।
तालाब संरक्षण के लिए महत्वपूर्ण परियोजना
महाराजबंध तालाब में निर्माणाधीन 3 एमएलडी क्षमता का एसटीपी शहर के सीवरेज जल के उपचार और तालाब संरक्षण की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण परियोजना मानी जा रही है। इसके शुरू होने के बाद तालाब में पहुंचने वाले दूषित जल को नियंत्रित करने और जल गुणवत्ता में सुधार लाने में मदद मिलेगी, जिससे पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान जोन-5 अध्यक्ष अंबर अग्रवाल, जोन कमिश्नर खीरसागर नायक, स्मार्ट सिटी के उप अभियंता योगेंद्र साहू, शुभम तिवारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।