लीज अवधि समाप्त होने के आधार पर की गई कार्रवाई, सुरक्षा व्यवस्था के बीच घंटों चला ध्वस्तीकरण अभियान
राजधानी रायपुर में सेंट पॉल स्कूल परिसर के समीप निर्माणाधीन विवादित ढांचे पर प्रशासन ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया। लीज अवधि समाप्त होने के बाद की गई इस कार्रवाई के दौरान पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में रखा गया और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
रायपुर। रायपुर में सेंट पॉल स्कूल परिसर के पास बने निर्माणाधीन विवादित ढांचे को प्रशासन ने मंगलवार सुबह ध्वस्त कर दिया। प्रशासनिक अमले ने जेसीबी और अन्य भारी मशीनों की सहायता से कई घंटे तक अभियान चलाकर पूरे निर्माण को हटाने की कार्रवाई पूरी की।
कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था। किसी भी संभावित विरोध या अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। मौके पर अपर कलेक्टर, एडीसीपी, नगर निगम, राजस्व विभाग और पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी लगातार मौजूद रहे और पूरे अभियान की निगरानी करते रहे।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार जिस भूमि पर निर्माण किया जा रहा था, उसकी लीज अवधि समाप्त हो चुकी थी। नियमों के तहत भूमि संबंधी प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने के लिए यह कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ध्वस्तीकरण की पूरी प्रक्रिया कानूनी प्रावधानों के अनुरूप पूरी की गई है।
गौरतलब है कि इस निर्माण को लेकर पिछले कई महीनों से विवाद बना हुआ था। स्थानीय स्तर पर आरोप लगाए जा रहे थे कि सामुदायिक भवन के नाम पर चर्च निर्माण कराया जा रहा है। इस मुद्दे को लेकर विभिन्न सामाजिक और अन्य संगठनों ने प्रशासन के समक्ष आपत्ति दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग भी की थी।
ध्वस्तीकरण अभियान के दौरान आसपास बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हुए, हालांकि प्रशासन द्वारा पहले से की गई सुरक्षा व्यवस्था के चलते स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही। अभियान के दौरान किसी प्रकार के विरोध या कानून-व्यवस्था संबंधी व्यवधान की स्थिति सामने नहीं आई।
राजधानी में हुई इस बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि नियमों के विपरीत होने वाले किसी भी निर्माण के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।