टैक्सीवे पर गलत दिशा में पहुंचा विमान, समय रहते रोके गए दोनों एयरक्राफ्ट; जांच शुरू
अहमदाबाद एयरपोर्ट पर बुधवार शाम एक संभावित बड़ा विमान हादसा टल गया, जब दो यात्री विमान एक ही टैक्सीवे पर आमने-सामने आ गए। स्थिति गंभीर होने से पहले ही एयर ट्रैफिक नियंत्रण और संबंधित टीमों की सतर्कता से दोनों विमानों को रोक लिया गया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।
अहमदाबाद (ए)। अहमदाबाद एयरपोर्ट पर विमान संचालन के दौरान एक गंभीर स्थिति उस समय बन गई जब दो यात्री विमान एक ही टैक्सीवे पर आमने-सामने आ गए। समय रहते स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया, जिससे संभावित दुर्घटना टल गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मुंबई के लिए रवाना होने वाली एक उड़ान टेकऑफ की प्रक्रिया के लिए आगे बढ़ रही थी। इसी दौरान मुंबई से अहमदाबाद पहुंचा दूसरा विमान पार्किंग क्षेत्र की ओर जाते समय निर्धारित मार्ग से हटकर गलत दिशा में पहुंच गया और उसी टैक्सीवे पर आ गया जहां दूसरा विमान मौजूद था।
सूत्रों के अनुसार दोनों विमानों के बीच लगभग 200 मीटर की दूरी रह गई थी। स्थिति को देखते हुए दोनों विमानों को तुरंत रोक दिया गया। बाद में संबंधित विमान को टो वाहन की सहायता से निर्धारित पार्किंग स्थान तक पहुंचाया गया, जिसके बाद दूसरे विमान ने अपनी उड़ान प्रक्रिया पूरी की।
घटना के संबंध में एयरलाइन की ओर से जारी बयान में कहा गया कि पार्किंग प्रक्रिया के दौरान अनजाने में दिशा संबंधी त्रुटि हुई थी, हालांकि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा पूरी तरह सुरक्षित रही। दूसरी ओर संबंधित एयरलाइन ने भी स्पष्ट किया कि आवश्यक सुरक्षा प्रक्रिया अपनाते हुए उड़ान को सुरक्षित तरीके से संचालित किया गया।
जानकारी के अनुसार घटना में शामिल दोनों विमान एयरबस A320 श्रेणी के नैरो-बॉडी विमान थे, जिनका उपयोग सामान्यतः घरेलू और मध्यम दूरी की उड़ानों में किया जाता है। मामले की सूचना विमानन नियामक एजेंसियों को दे दी गई है और घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।