ग्रामीण परिवारों को 125 दिन के रोजगार की गारंटी, कौशल विकास, महिला समूहों के सशक्तिकरण और टिकाऊ विकास कार्यों पर रहेगा विशेष फोकस
ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और आजीविका के अवसरों का विस्तार करने के उद्देश्य से धमतरी जिले में गुरुवार को ‘विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) – वीबीजी राम जी’ का शुभारंभ किया गया। जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने मिशन को ग्रामीण विकास की नई पहल बताते हुए इसके प्रभावी क्रियान्वयन का संकल्प लिया
धमतरी। ग्रामीण परिवारों को रोजगार, आजीविका और आर्थिक आत्मनिर्भरता से जोड़ने की दिशा में धमतरी जिले ने एक नई पहल करते हुए गुरुवार को ‘विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) – वीबीजी राम जी’ का शुभारंभ किया। जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में मिशन की रूपरेखा प्रस्तुत की गई और इसके प्रभावी संचालन के लिए सामूहिक प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार ग्रामीण क्षेत्रों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इस मिशन का उद्देश्य केवल रोजगार उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि प्रत्येक ग्रामीण परिवार की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करना और उन्हें स्थायी आजीविका के अवसरों से जोड़ना है।
उन्होंने बताया कि मिशन के माध्यम से गांवों में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, युवाओं को कौशल विकास से जोड़ा जाएगा तथा महिला स्व-सहायता समूहों को आय बढ़ाने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके साथ ही जल संरक्षण, सिंचाई, वृक्षारोपण, ग्रामीण सड़क निर्माण और अन्य आधारभूत संरचनाओं के विकास को प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।
योजना के तहत प्रत्येक पात्र ग्रामीण परिवार को वर्ष में 125 दिनों तक रोजगार की गारंटी दी जाएगी। मजदूरी का भुगतान 15 दिनों के भीतर सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही डिजिटल जॉब कार्ड, तकनीक आधारित कार्य प्रबंधन प्रणाली, समयबद्ध एवं पारदर्शी भुगतान व्यवस्था तथा पात्र हितग्राहियों के लिए बेरोजगारी भत्ते जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष गौकरण साहू, महिला एवं बाल विकास तथा स्वच्छता विकास समिति की सभापति श्रीमती मोनिका देवांगन, संचार संकर्म स्थायी समिति की सभापति श्रीमती पूजा सिन्हा, खनिज प्रबंधन समिति की सभापति श्रीमती कुलेश्वरी गायकवाड़ सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस अवसर पर सभी विभागों से समन्वित प्रयासों के माध्यम से योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।