उरगा क्षेत्र में खेत में काम के दौरान हादसा, मौसम विभाग ने 5 दिन तक तेज बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की
कोरबा। जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तुमान में शुक्रवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया। खेत में काम कर रहे 75 वर्षीय किसान धनीराम पटेल की आकाशीय बिजली गिरने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रदेश में 5 दिन तक भारी बारिश की संभावना, अलर्ट जारी
रायपुर। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर सिस्टम के सक्रिय होने से छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिनों तक अच्छी बारिश होने की संभावना है। मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई जिलों में अगले दो दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
इसके साथ ही विभाग ने गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।
बारिश और आंधी से जनजीवन प्रभावित, कई घटनाएं सामने आईं
राजधानी रायपुर सहित बिलासपुर और अन्य जिलों में शुक्रवार सुबह से रिमझिम बारिश का दौर जारी रहा। रायपुर के राजकुमार कॉलेज के सामने आंधी-तूफान के दौरान पेड़ का एक हिस्सा सड़क पर गिर गया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया।
पिकअप वाहन तेज बहाव में फंसा, 25 लोग बाल-बाल बचे
कबीरधाम जिले के ढोलढोली रपटा मार्ग पर गुरुवार शाम बड़ा हादसा टल गया। भारी बारिश के कारण रपटे पर तेज पानी के बहाव में एक पिकअप वाहन फंस गया, जिसमें लगभग 20 से 25 यात्री सवार थे, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
बलरामपुर में बिजली गिरने से मां-बेटी की मौत
बलरामपुर जिले में गुरुवार को आकाशीय बिजली गिरने से मां और बेटी की मौत हो गई थी। दोनों खेत में काम कर रही थीं और बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़ी थीं, तभी यह हादसा हो गया।
प्रदेश में अब तक सामान्य से कम बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, बस्तर संभाग के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की गई है, जबकि दुर्ग, बिलासपुर और सरगुजा संभाग में भी अच्छी बारिश हुई है। इसके बावजूद प्रदेश में अब तक कुल वर्षा सामान्य से लगभग 54 प्रतिशत कम दर्ज की गई है।