Oplus_131072
म्युल अकाउंट गिरोह पर पुलिस का शिकंजा, अब तक पांच आरोपियों की गिरफ्तारी; सट्टा संचालन के लिए बैंक दस्तावेज उपलब्ध कराने का खुलासा
ऑनलाइन आईपीएल सट्टा और म्युल अकाउंट नेटवर्क के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही सुपेला पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने बैंक खाते और उससे जुड़े दस्तावेज अवैध रूप से सट्टा गिरोह को उपलब्ध कराने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में अब तक पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
भिलाई। ऑनलाइन आईपीएल सट्टा और म्युल अकाउंट संचालन से जुड़े नेटवर्क पर सुपेला पुलिस लगातार शिकंजा कस रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने मामले में फरार चल रहे एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दुलेश्वर कुमार निवासी आदर्श नगर, उतई जिला दुर्ग के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से अपने बैंक खाते, पासबुक, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड और अन्य बैंकिंग दस्तावेज अवैध रूप से सट्टा संचालन करने वाले गिरोह को उपलब्ध कराता था। इन बैंक खातों का इस्तेमाल ऑनलाइन आईपीएल सट्टे के लेनदेन और म्युल अकाउंट संचालन में किया जा रहा था।
सुपेला पुलिस ने विवेचना के दौरान आरोपी को पांच रास्ता हनुमान मंदिर ओवरब्रिज के पास से गिरफ्तार किया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि इस प्रकरण में अब तक कुल पांच आरोपियों की गिरफ्तारी कर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा चुकी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहन जांच की जा रही है और मामले में आगे भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।