महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में तेज बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त; नदियां उफान पर, घरों और सड़कों में घुसा पानी, राहत-बचाव अभियान जारी
देशभर में मानसून ने अब अपना आक्रामक रूप दिखाना शुरू कर दिया है। महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, केरल और पश्चिम बंगाल सहित कई राज्यों में लगातार हो रही भारी बारिश से सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई इलाकों में जलभराव, सड़कें नदी में तब्दील होने और बाढ़ जैसे हालात बनने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है।
मुंबई (ए)। देश के विभिन्न राज्यों में मानसून की रफ्तार तेज होने के साथ ही बारिश का असर अब जनजीवन पर साफ दिखाई देने लगा है। महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, केरल, पश्चिम बंगाल और ओडिशा सहित कई राज्यों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से कई क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। कई शहरों में सड़कें जलमग्न हो गई हैं, जबकि नदियों का जलस्तर भी तेजी से बढ़ रहा है।
महाराष्ट्र के वसई क्षेत्र के नालासोपारा में भारी बारिश के चलते सड़कें नदी जैसी दिखाई देने लगीं। जलभराव की स्थिति इतनी गंभीर रही कि करीब 20 कारें पानी में डूब गईं। मुंबई में भी बारिश का व्यापक असर देखने को मिला, जहां 64 पेड़ गिरने और 8 मकानों की दीवारें ढहने की घटनाएं सामने आई हैं। वहीं पालघर जिले में बाढ़ के तेज बहाव में बहने से छह वर्षीय बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। प्रशासन ने विभिन्न प्रभावित क्षेत्रों से 180 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला है।
रत्नागिरी जिले में लगातार बारिश के चलते जगबुडी नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। नदी का जलस्तर 6.40 मीटर दर्ज किया गया है, जबकि खतरे का स्तर 7 मीटर निर्धारित है। प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
गुजरात के जूनागढ़ में भारी बारिश से कई इलाकों में चार फीट तक पानी भर गया, जिससे लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई। कई स्थानों पर लोगों को नाव का सहारा लेना पड़ा। वहीं भावनगर में तेज बहाव के बीच एक कार पानी में बह गई।
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शनिवार रात महज आधे घंटे में 30 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। टाटीबंध क्षेत्र में घरों में पानी घुसने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब और उत्तराखंड सहित देश के 13 राज्यों में आंधी और तेज बारिश की चेतावनी जारी की गई है।