प्लेटफॉर्म पर भीगते रहे यात्री, गुढ़ियारी अंडरब्रिज में जलभराव से घंटों प्रभावित रहा यातायात
मानसून की पहली तेज बारिश ने राजधानी रायपुर की व्यवस्थाओं की हकीकत सामने ला दी। ए-1 श्रेणी के रायपुर रेलवे स्टेशन पर कुछ ही देर की बारिश में प्लेटफॉर्म की छत से पानी टपकने लगा, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति भी देखने को मिली।
रायपुर। राजधानी रायपुर में मानसून की पहली तेज बारिश ने रेलवे स्टेशन की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ए-1 श्रेणी में शामिल रायपुर रेलवे स्टेशन शनिवार शाम हुई बारिश के दौरान अव्यवस्था और लापरवाही की तस्वीर पेश करता नजर आया। प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर बने शेड से पानी झरने की तरह नीचे गिरने लगा, जिससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा।
शाम करीब पांच बजे शुरू हुई तेज बारिश के दौरान प्लेटफॉर्म की छत के नीचे खड़े यात्री भी बारिश से नहीं बच सके। शेड से लगातार गिर रहे पानी के कारण प्लेटफॉर्म पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ट्रेन का इंतजार कर रहे लोग अपना सामान उठाकर सूखी जगह की तलाश में इधर-उधर जाते नजर आए। कई यात्रियों को भीगते हुए प्लेटफॉर्म बदलना पड़ा।
बारिश के कारण प्लेटफॉर्म के कई हिस्सों में पानी जमा हो गया, जिससे लोगों की आवाजाही भी प्रभावित हुई। यात्रियों को फिसलन और भीड़ के बीच सावधानी से गुजरना पड़ा। सबसे बड़ी बात यह रही कि मानसून की शुरुआती बारिश में ही स्टेशन की व्यवस्था की कमियां सामने आ गईं।
घटनास्थल पर मौजूद यात्रियों ने शेड से गिरते पानी और स्टेशन की बदहाल व्यवस्था के वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड किए, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद रेलवे की तैयारियों को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
वहीं बारिश का असर शहर के गुढ़ियारी अंडरब्रिज में भी देखने को मिला। अंडरब्रिज में पानी भरने से रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। शाम से देर रात तक यहां यातायात प्रभावित रहा और वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ा।