सुपेला, जामुल, उतई और खुर्सीपार समेत कई थानों की कमान बदलेगी; स्थानीय पदस्थापना आदेश का इंतजार
छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया है। पुलिस मुख्यालय ने 64 पुलिस निरीक्षकों की तबादला सूची जारी की है, जिसमें दुर्ग जिले के सात निरीक्षकों का अन्य जिलों में स्थानांतरण किया गया है। वहीं तीन नए निरीक्षकों की दुर्ग जिले में पदस्थापना की गई है। तबादलों के बाद जिले के कई थानों की कमान बदलना तय माना जा रहा है।
दुर्ग-भिलाई। पुलिस मुख्यालय रायपुर द्वारा जारी तबादला आदेश के तहत प्रदेशभर में 64 निरीक्षकों का स्थानांतरण किया गया है। इस प्रशासनिक फेरबदल का असर दुर्ग जिले पर भी पड़ा है। जिले के सात निरीक्षकों को दूसरे जिलों में भेजा गया है, जबकि तीन नए निरीक्षकों की दुर्ग में पदस्थापना की गई है।
जारी आदेश के अनुसार, सुपेला थाना प्रभारी अंबर सिंह भारद्वाज का तबादला कांकेर, जामुल थाना प्रभारी रामेंद्र कुमार सिंह का कोंडागांव तथा उतई थाना प्रभारी राजेश कुमार साहू का सुकमा किया गया है। वहीं खुर्सीपार थाना में पदस्थ निरीक्षक आनंद शुक्ला को बीजापुर भेजा गया है। ट्रैफिक शाखा के निरीक्षक मनीष शर्मा का तबादला दंतेवाड़ा किया गया है। इसके अलावा निरीक्षक श्रद्धा पाठक (मिश्रा) और वंदिता पानिकर को भी कोंडागांव स्थानांतरित किया गया है।
वहीं दुर्ग जिले को तीन नए निरीक्षक मिले हैं। राकेश कुमार खुटेश्वर का नारायणपुर से, राजकुमारी पांडेय का कोंडागांव से तथा मो. तारीक हारिश का बस्तर से दुर्ग तबादला किया गया है। इन अधिकारियों को जिले में नई जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
हाल ही में सुपेला और उतई सहित कुछ थानों में नए थाना प्रभारियों की नियुक्ति की गई थी। ताजा तबादलों के बाद एक बार फिर जिले के कई थानों और शाखाओं में जिम्मेदारियों का पुनर्वितरण होना तय माना जा रहा है। अब जिला पुलिस अधीक्षक की ओर से स्थानीय पदस्थापना आदेश जारी होने का इंतजार है, जिसके बाद यह स्पष्ट होगा कि किस अधिकारी को किस थाना या शाखा की कमान सौंपी जाएगी।
पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी आदेश पर पुलिस महानिदेशक के हस्ताक्षर हैं। आदेश में सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नए पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। इस प्रशासनिक फेरबदल के बाद प्रदेश के कई जिलों में पुलिस व्यवस्था और थाना प्रभारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव देखने को मिलेगा।