कमरे में युवक का शव मिलने से सनसनी; पुलिस शुरुआती जांच में आत्महत्या की आशंका जता रही, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार
भिलाई के एक होटल में 19 वर्षीय म्यूजिक आर्टिस्ट का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक अपनी प्रेमिका के साथ होटल में ठहरा था। घटना के बाद परिजनों ने युवती पर हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस शुरुआती जांच में इसे आत्महत्या का मामला मान रही है। मामले की सच्चाई पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
दुर्ग-भिलाई। सुपेला थाना क्षेत्र स्थित एक होटल के कमरे में 19 वर्षीय म्यूजिक आर्टिस्ट शादाब का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। युवक मंगलवार को अपनी प्रेमिका के साथ होटल में ठहरा था। देर रात उसके दोस्तों को सूचना मिली कि शादाब की तबीयत बिगड़ गई है। सूचना मिलते ही दोस्त और परिजन होटल पहुंचे, जहां कमरे का दरवाजा युवती ने खोला।
कमरे के भीतर शादाब का शव बेड पर पड़ा मिला, जबकि पंखे से स्कार्फ का फंदा लटका हुआ था। परिजन तत्काल उसे अस्पताल ले जाना चाहते थे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सुपेला स्थित मर्चुरी भेज दिया।
मृतक के परिजनों ने युवती पर हत्या का आरोप लगाया है। युवक के भाई का कहना है कि दोनों के बीच विवाद हुआ था और युवती ने पहले उसके भाई के साथ मारपीट की। उनका आरोप है कि घटना के बाद भी युवती पूरी रात शव के साथ कमरे में रही और समय पर किसी को सूचना नहीं दी।
वहीं, मृतक के दोस्तों के मुताबिक शादाब का अपनी पूर्व प्रेमिका से कुछ समय पहले ब्रेकअप हो चुका था। उसने उसे मोबाइल और सोशल मीडिया पर ब्लॉक कर दिया था। इसके बाद वह दूसरी युवती के साथ रिश्ते में था। बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन पूर्व प्रेमिका का फोन आने के बाद दोनों के बीच विवाद हुआ था।
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस होटल स्टाफ, युवती और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच में जुटी है।