कोरिया और बलौदाबाजार समेत कई जिलों में नई तैनाती, चार डीआईजी स्तर के अधिकारियों का भी तबादला; रायपुर, बस्तर और नक्सल प्रभावित जिलों में बदली जिम्मेदारियां।
छत्तीसगढ़ सरकार ने कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस विभाग में व्यापक प्रशासनिक फेरबदल किया है। 167 दिनों बाद जारी तबादला सूची में राजनांदगांव रेंज को नया आईजी मिलने के साथ ही 12 जिलों के पुलिस अधीक्षकों (एसपी) सहित कई वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। सरकार ने कई संवेदनशील जिलों में नई तैनातियों के जरिए कानून-व्यवस्था को मजबूत करने का संदेश दिया है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कई वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। हाल के दिनों में कानून-व्यवस्था को लेकर सामने आई शिकायतों और विभिन्न घटनाओं के बाद यह फैसला लिया गया है। पिछली तबादला सूची जारी होने के करीब 167 दिन बाद सरकार ने नए आदेश जारी कर कई महत्वपूर्ण पदों पर अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदल दी हैं।
सबसे अहम बदलाव राजनांदगांव रेंज में किया गया है, जहां अजय कुमार यादव को नया पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) नियुक्त किया गया है। वे अब तक नेताजी सुभाषचंद्र बोस राज्य पुलिस अकादमी, चंदखुरी के निदेशक के रूप में कार्यरत थे। वहीं, मौजूदा आईजी बालाजी राव सोमावर को पुलिस मुख्यालय, नया रायपुर में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सरकार ने बस्तर आईजी प्रशांत कुमार अग्रवाल का भी तबादला करते हुए उन्हें पुलिस मुख्यालय भेज दिया है। इसके अलावा राज्य के 12 जिलों के पुलिस अधीक्षकों (एसपी) तथा चार डीआईजी स्तर के अधिकारियों की भी नई पदस्थापना की गई है।
कोरिया जिले में भाजपा नेता की कार सहित जलाकर हत्या की घटना के बाद वहां के एसपी हरीश राठौर को हटाकर नई जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, बलौदाबाजार जिले में जुआ-सट्टा संबंधी शिकायतों के बाद एसपी भावना गुप्ता को पुलिस मुख्यालय बुलाया गया है। सरकार ने इन बदलावों के जरिए कानून-व्यवस्था के प्रति सख्त रुख का संकेत दिया है।
नई नियुक्तियों के तहत चंद्रमोहन सिंह को दंतेवाड़ा, भावना पांडेय को धमतरी, राय गौरव रामप्रवेश को बलौदाबाजार-भाटापारा, उमेश प्रसाद गुप्ता को बीजापुर तथा मयंक गुर्जर को सुकमा का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
इसके अलावा संदीप कुमार पटेल को नारायणपुर, चव्हाण किरण गंगाराम को बालोद, योगेश कुमार पटेल को सूरजपुर, जितेंद्र कुमार यादव को कबीरधाम और सुनील शर्मा को सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की कमान सौंपी गई है।
रायपुर पुलिस में भी बदलाव करते हुए रॉबिन्सन गुरिया को गरियाबंद के पुलिस अधीक्षक पद से स्थानांतरित कर पुलिस उपायुक्त (पश्चिम), रायपुर नियुक्त किया गया है। वहीं रायपुर जोन के तीन डीसीपी को बस्तर क्षेत्र में नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।
सरकार का मानना है कि इन प्रशासनिक बदलावों से संवेदनशील जिलों में पुलिस व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा तथा अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग को नई गति मिलेगी।