मोहन नगर, नंदिनी नगर और जामुल थाना क्षेत्र में अलग-अलग कार्रवाई; प्रतिबंधित अल्प्राजोलम टेबलेट, देशी मसाला शराब, बाइक और नकदी बरामद।
दुर्ग पुलिस ने ‘ऑपरेशन विश्वास’ के तहत नशे और अवैध शराब के कारोबार पर लगातार कार्रवाई करते हुए जिले के तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली गोलियां, अवैध शराब, मोटरसाइकिल और नकदी सहित 97 हजार रुपये से अधिक का सामान जब्त कर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।
दुर्ग-भिलाई। जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन विश्वास’ के तहत दुर्ग पुलिस ने तीन अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान प्रतिबंधित नशीली टेबलेट, देशी मसाला शराब, एक मोटरसाइकिल और नकदी सहित 97 हजार रुपये से अधिक की सामग्री जब्त की गई है।
मोहन नगर थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर धमधा रोड स्थित सब्जी मंडी क्षेत्र में घेराबंदी कर राहुल गाडा (20), निवासी ग्रीन चौक को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 10 स्ट्रीप में 150 प्रतिबंधित अल्प्राजोलम (Alprazolam) टेबलेट बरामद हुईं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने बिक्री से प्राप्त 920 रुपये नकद भी जब्त किए। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8, 22 एवं 27(क) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
दूसरी कार्रवाई में नंदिनी नगर थाना पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने ग्राम पोटिया के पास वाहन जांच के दौरान राजा डेहरे (19), निवासी ग्राम मुरमंदा को पकड़ा। आरोपी मोटरसाइकिल से 15 अध्धी देशी मसाला शराब का अवैध परिवहन कर रहा था। पुलिस ने शराब के साथ परिवहन में प्रयुक्त बाइक भी जब्त की। बरामद सामग्री का कुल मूल्य करीब 33 हजार रुपये आंका गया है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की गई।
इसी तरह जामुल थाना पुलिस ने ग्राम नारधा में दबिश देकर चैन सिंह पटेल (38) को गिरफ्तार किया। आरोपी अपने घर की बाड़ी में अवैध रूप से 33 पौवा देशी मसाला शराब (7.38 बल्क लीटर) छिपाकर बेच रहा था। बरामद शराब की कीमत करीब 4,100 रुपये बताई गई है। उसके खिलाफ भी आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
दुर्ग पुलिस का कहना है कि जिले में गांजा, प्रतिबंधित दवाइयों, अवैध शराब और अन्य मादक पदार्थों की तस्करी व बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।