
नई दिल्ली (ए)। विराट कोहली 12 साल के बाद रणजी ट्रॉफी में वापसी कर रहे हैं। वे दिल्ली की ओर से अरुण जेटली मैदान पर रेलवे के खिलाफ खेल रहे हैं। कोहली का यह मैच देखने के लिए अरुण जेटली स्टेडियम में गुरुवार को 13 हजार से ज्यादा फैंस आए हैं। फैंस RCB-RCB के नारे लगाकर कोहली का उत्साह बढ़ा रहे हैं।
लंच से पहले एक फैन सुरक्षा घेरा तोड़कर मैदान के अंदर घुस गया। उसने मैदान पर ही कोहली के पैर भी छुए। इसके बाद तुरंत सिक्योरिटी ने उसे पकड़ा और मैदान से बाहर कर दिया। यहां दिल्ली की टीम टॉस जीतकर फील्डिंग कर रही है। खबर लिखे जाने तक रेलवे ने पहली पारी में 5 विकेट पर 121 रन बना लिए हैं। उपेंद्र यादव 39 और करण शर्मा 24 रन पर नाबाद हैं। दोनों के बीच फिफ्टी पार्टनरशिप हो चुकी है।