झूठे दुष्कर्म प्रकरण में फंसाने की धमकी देकर की उगाही, ब्यूटी पार्लर संचालिका और कॉलेज छात्रा न्यायिक हिरासत में भेजी गईं
रायपुर। राजधानी रायपुर में एक कारोबारी को हनीट्रैप के जरिए ब्लैकमेल कर रकम वसूलने के मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने दो युवतियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों ने कारोबारी के फोटो और वीडियो बनाकर उसे झूठे दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी दी और कई बार पैसों की मांग की। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
रायपुर। सिविल लाइन थाना पुलिस ने हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग के एक मामले का खुलासा करते हुए दो युवतियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक ब्यूटी पार्लर संचालिका और दूसरी कॉलेज की छात्रा शामिल है। दोनों पर एक कारोबारी को झूठे दुष्कर्म प्रकरण में फंसाने की धमकी देकर रकम उगाहने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार न्यू सेल्स टैक्स कॉलोनी, शंकर नगर निवासी 38 वर्षीय कारोबारी जयंत चौधरी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि मई 2026 में उसकी मुलाकात गुढ़ियारी थाने में नित्या सिंह और पायल उर्फ आंचल तिवारी से हुई थी। परिचय बढ़ने के बाद दोनों युवतियां नौकरी और ब्यूटी पार्लर खोलने के नाम पर उससे लगातार पैसों की मांग करने लगीं।
फोटो-वीडियो बनाकर शुरू की ब्लैकमेलिंग
शिकायत के मुताबिक 14 जून को दोनों युवतियों ने कारोबारी को मिलने बुलाया। आरोप है कि मुलाकात के दौरान कार में नशीली सिगरेट जलाकर उसे असहज स्थिति में पहुंचाया गया। इसके बाद घर छोड़ने के बहाने उसके साथ फोटो और वीडियो बनाए गए। अगले दिन से इन्हीं फोटो-वीडियो के आधार पर झूठे दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी देकर ब्लैकमेलिंग शुरू कर दी गई।
रकम लेने के बाद भी जारी रही धमकी
पीड़ित ने बदनामी के डर से 25 जून को तरुण नगर हाट बाजार के पास दोनों आरोपियों को 25 हजार रुपये नकद दिए। इसके बावजूद उनकी मांगें नहीं रुकीं। शिकायत के अनुसार 1 जुलाई को दोनों युवतियां कारोबारी के कार्यालय के बेसमेंट तक पहुंच गईं और उसकी कार से पैसों से भरा बैग निकालने का प्रयास किया।
इसके बाद 10 जुलाई को दोनों कार्यालय में घुस गईं और कर्मचारियों के सामने हंगामा करते हुए दोबारा बड़ी रकम की मांग की। साथ ही पैसा नहीं देने पर झूठा दुष्कर्म प्रकरण दर्ज कराने की धमकी भी दी।
शिकायत के बाद पुलिस ने की कार्रवाई
लगातार ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर कारोबारी ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान पुलिस को आरोपों के समर्थन में पर्याप्त साक्ष्य मिले, जिसके आधार पर दोनों युवतियों के खिलाफ ब्लैकमेलिंग और अवैध उगाही सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
दोनों आरोपी न्यायिक हिरासत में
सहायक पुलिस आयुक्त रमाकांत साहू ने बताया कि शिकायत की जांच के दौरान ब्लैकमेलिंग के पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।