बिलासपुर-उरगा मार्ग पर तेज रफ्तार ने बिगाड़ा संतुलन, रायगढ़ के चार युवक गंभीर घायल; निर्माणाधीन पुल पर सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल
भारतमाला परियोजना के तहत निर्माणाधीन बिलासपुर-उरगा राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। अधूरे पुल का अंदाजा नहीं लगने से तेज रफ्तार कार करीब 30 फीट नीचे जा गिरी। दुर्घटना में कार सवार चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद निर्माणाधीन मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था और चेतावनी संकेतों को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
बिलासपुर। बिलासपुर-उरगा मार्ग पर भारतमाला परियोजना के तहत बन रहे निर्माणाधीन हाईवे पर सोमवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तोरवा थाना क्षेत्र के दर्रीघाट-ढेंका कर्रा के पास अरपा नदी पर बन रहे अधूरे पुल से एक तेज रफ्तार टाटा नेक्सन कार लगभग 30 फीट नीचे गिर गई। हादसे में कार सवार चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार दुर्घटना सोमवार रात करीब नौ बजे हुई। रायगढ़ निवासी चार युवक कार (सीजी 13 एएस 9262) से कोरबा होते हुए रायपुर जा रहे थे। इसी दौरान निर्माणाधीन पुल के पास सड़क समाप्त होने का उन्हें अंदाजा नहीं लग सका और तेज रफ्तार कार सीधे अधूरे हिस्से से नीचे जा गिरी।
ग्रामीणों ने बचाई जान, पुलिस ने चलाया रेस्क्यू
हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचना दी। तोरवा थाना पुलिस, डायल-112 और एंबुलेंस की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे चारों युवकों को बाहर निकाला। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
रायगढ़ से रायपुर जा रहे थे युवक
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि कार सवार सभी युवक रायगढ़ जिले के निवासी हैं और किसी निजी कार्य से रायपुर जा रहे थे। पुलिस ने घटना की जानकारी उनके परिजनों को दे दी है।
सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल
दुर्घटना के बाद निर्माणाधीन भारतमाला हाईवे पर सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। प्रारंभिक जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि घटनास्थल पर पर्याप्त बैरिकेडिंग, रिफ्लेक्टर, चेतावनी बोर्ड और डायवर्जन की व्यवस्था थी या नहीं। यदि सुरक्षा उपायों में लापरवाही सामने आती है तो संबंधित एजेंसी की जिम्मेदारी भी तय की जा सकती है।
हर पहलू की जांच में जुटी पुलिस
तोरवा पुलिस दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि घायलों के बयान और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल चारों युवकों की हालत गंभीर बनी हुई है।