जामुल पुलिस की कार्रवाई में भिलाई, रायपुर और बिलासपुर से चोरी की तीन मोटरसाइकिल बरामद, आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
जामुल पुलिस ने अंतरजिला वाहन चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को रायगढ़ जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पूछताछ में भिलाई, रायपुर और बिलासपुर से तीन मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी की सभी बाइक बरामद कर ली हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 1.60 लाख रुपए आंकी गई है।
दुर्ग-भिलाई। वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं के बीच जामुल थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक अंतरजिला वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से तीन चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की हैं। आरोपी अलग-अलग जिलों से बाइक चोरी कर उन्हें दूसरे जिले में छिपा देता था, ताकि पुलिस की पकड़ से बच सके।
मामले की शुरुआत जामुल थाना क्षेत्र के कैलाश नगर से हुई, जहां निवासी युगल पटेल ने अपनी बाइक चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, 1 जून 2026 को उनके भाई कुणाल पटेल खरीदारी के लिए बाइक से बाजार गए थे। सामान खरीदने के बाद लौटने पर पार्किंग में खड़ी बाइक गायब मिली। काफी तलाश के बावजूद वाहन का कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर संदिग्ध की पहचान की। इसके बाद टीम ने रायगढ़ जिले के चक्रधर नगर क्षेत्र में दबिश देकर आनंदी मंडल (32) को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने कैलाश नगर से यामाहा आर-15 चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके साथ ही उसने करीब दो वर्ष पहले बिलासपुर से होंडा साइन और लगभग 20 से 25 दिन पहले रायपुर से एक केटीएम बाइक चोरी करने का भी खुलासा किया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने तीनों चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर ली। जब्त वाहनों में यामाहा आर-15, होंडा साइन और बिना नंबर की केटीएम बाइक शामिल हैं। पुलिस के अनुसार बरामद वाहनों की कुल अनुमानित कीमत करीब 1.60 लाख रुपए है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी भीड़भाड़ वाले बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर बिना निगरानी खड़ी बाइकों को निशाना बनाता था। चोरी के बाद वह वाहनों को दूसरे जिले में ले जाकर छिपा देता था, जिससे पुलिस को उसकी तलाश में कठिनाई हो।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी मूल रूप से ओडिशा के संबलपुर जिले का रहने वाला है और वर्तमान में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सरिया थाना क्षेत्र के दर्राभाठा रिसोड़ा गांव में रह रहा था। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। अब पुलिस यह भी जांच कर रही है कि उसने प्रदेश के अन्य जिलों में भी वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं।