रायपुर जा रहे परिवार की स्कूटी ऑक्सीजन सिलेंडरों से लदे खड़े ट्रैक्टर से टकराई; एक घायल बच्चे का एम्स में इलाज जारी, पुलिस ने ट्रैक्टर चालक को हिरासत में लिया
दुर्ग-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर गुरुवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में दो महिलाओं और दो मासूम बच्चियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। रायपुर जा रहा परिवार जिस स्कूटी पर सवार था, वह सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर के पीछे जा टकराई। हादसे के बाद पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त कर चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
दुर्ग-भिलाई। दुर्ग-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने चार लोगों की जान ले ली। कुम्हारी थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार स्कूटी सड़क किनारे खड़े ऑक्सीजन सिलेंडरों से लदे ट्रैक्टर के पीछे जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि स्कूटी पर सवार दो महिलाओं और दो मासूम बच्चियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक आठ वर्षीय बालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार स्कूटी पर कुल पांच लोग सवार थे और सभी रायपुर के बसंत विहार स्थित अपने रिश्तेदार के घर जा रहे थे। सुबह करीब 10 से 10:30 बजे के बीच कुम्हारी क्षेत्र में यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में स्कूटी चला रहीं अमृता निर्मलकर (28), लक्ष्मी निर्मलकर (26), 7 वर्षीय यासना और 4 वर्षीय डाली की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं 8 वर्षीय भावेश गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद एम्स रायपुर में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही कुम्हारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए सुपेला स्थित मॉर्च्युरी भेजा गया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को जब्त कर चालक भोला यादव को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
हादसे के बाद कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने दावा किया कि उसी समय हाईवे से नेताओं का काफिला गुजर रहा था, जिसके कारण पुलिस प्रोटोकॉल ड्यूटी में व्यस्त थी और राहत कार्य में देरी हुई। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।