प्रधानमंत्री मोदी ने चांपा, बालोद और सरोना स्टेशन का किया वर्चुअल उद्घाटन; मुख्यमंत्री साय बोले- रेल अधोसंरचना का विस्तार विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत छत्तीसगढ़ के चांपा, बालोद और सरोना रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण का कार्य पूरा होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को इनका वर्चुअल लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसे प्रदेश के रेल नेटवर्क और आधारभूत अधोसंरचना को नई मजबूती देने वाला कदम बताते हुए कहा कि आधुनिक रेलवे सुविधाएं यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के साथ व्यापार, पर्यटन और क्षेत्रीय विकास को भी नई गति देंगी।
रायपुर। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत छत्तीसगढ़ के तीन प्रमुख रेलवे स्टेशन—चांपा, बालोद और सरोना—अब आधुनिक सुविधाओं से लैस हो गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इन स्टेशनों का वर्चुअल लोकार्पण करते हुए देशभर में रेलवे के आधुनिकीकरण अभियान को नई गति दी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि प्रदेश के रेल विकास के साथ-साथ विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश में आधारभूत अधोसंरचना का तेजी से विस्तार हो रहा है। रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण से यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर यात्रा अनुभव मिलेगा। नए स्वरूप में विकसित स्टेशनों पर आधुनिक प्रतीक्षालय, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं, स्वच्छ परिसर, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, डिजिटल सूचना प्रणाली और अन्य यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
उन्होंने कहा कि रेलवे केवल परिवहन का साधन नहीं, बल्कि आर्थिक विकास की धुरी भी है। चांपा, बालोद और सरोना जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों के उन्नयन से क्षेत्रीय व्यापार, पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। बेहतर रेल सुविधाओं से लोगों की आवाजाही आसान होगी और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में रेल परियोजनाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है। नई रेल लाइनों, दोहरीकरण, विद्युतीकरण और स्टेशन पुनर्विकास जैसी योजनाओं से प्रदेश का रेल नेटवर्क लगातार मजबूत हो रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आधुनिक रेल अधोसंरचना राज्य के संतुलित विकास को गति देने के साथ विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि पर सोशल मीडिया मंच एक्स के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से छत्तीसगढ़ विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।